





अल्मोड़ा-जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा को नगर क्षेत्र से अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने की चर्चाओं को लेकर कांग्रेस की ओर से दिए जा रहे बयानों पर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष विनीत बिष्ट ने पलटवार किया है।उन्होंने कांग्रेस से जनहित के मुद्दों पर राजनीति और श्रेय लेने की कोशिश करने के बजाय अल्मोड़ा की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए किए गए कार्यों का हिसाब जनता के सामने रखने की बात कही।विनीत बिष्ट ने कहा कि भाजपा के लिए जनसेवा में श्रेय लेना कोई विषय नहीं है। जिला चिकित्सालय जैसे महत्वपूर्ण विषय पर भाजपा के अलग-अलग नेता सरकार के समक्ष अपनी बात रखते हैं तो यह किसी व्यक्तिगत उपलब्धि की लड़ाई नहीं, बल्कि जनता के हित में सामूहिक प्रयास है।कौन पहले बोला और किसे श्रेय मिला यह महत्वपूर्ण नहीं है। महत्वपूर्ण यह है कि जनता की समस्या का समाधान हो।उन्होंने स्थानीय कांग्रेस विधायक पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वर्ष 2022 से जनता ने उन्हें अपना प्रतिनिधि बनाकर विधानसभा भेजा है।विधायक को जनता के सामने यह बताना चाहिए कि इस दौरान जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी, फिजिशियन के रिक्त पदों और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर उन्होंने विधानसभा में कितनी मजबूती से आवाज उठाई और क्या ठोस प्रयास किए।भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस को कैग की रिपोर्ट भी पढ़नी चाहिए। उनके अनुसार रिपोर्ट में उल्लेख है कि वर्ष 2014 से 2018 तक अल्मोड़ा जिला अस्पताल में जनरल सर्जन उपलब्ध नहीं था, जबकि 11 सितंबर 2015 से 26 जून 2017 तक जनरल फिजिशियन भी उपलब्ध नहीं था। उन्होंने कहा कि इस दौरान ईएनटी की नियमित सेवाएं भी बाधित रही थीं।
विनीत बिष्ट ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयास किए हैं। अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज का निर्माण और संचालन स्वास्थ्य व्यवस्था के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की संभावनाएं बढ़ी हैं, जिसका लाभ अल्मोड़ा समेत आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों को मिल रहा है।विनीत बिष्ट ने वर्ष 2012 का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय अपनी ही सरकार के खिलाफ भूख हड़ताल करने की नौबत जिन जनप्रतिनिधियों को आई थी, उससे सवाल उठता है कि आखिर ऐसा नेतृत्व किस काम का, जिसे अपनी ही सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से न ले। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका कटाक्ष किसी व्यक्ति विशेष पर नहीं, बल्कि उस राजनीतिक कार्यशैली पर है, जिसमें सत्ता में रहते हुए भी अपनी ही सरकार के खिलाफ आंदोलन करना पड़ता है।उन्होंने कहा कि आज भाजपा के नेता जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाते हैं तो कांग्रेस को इसमें भी श्रेय दिखाई देता है। भाजपा के लिए श्रेय नहीं, बल्कि जनहित सर्वोपरि है।विनीत बिष्ट ने कहा कि जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा किसी राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं,बल्कि पर्वतीय क्षेत्र के हजारों परिवारों की उम्मीद है। सरकार स्पष्ट कर चुकी है कि अस्पताल को नगर क्षेत्र से बाहर स्थानांतरित करने का कोई निर्णय नहीं है। ऐसे में अब आवश्यकता है कि सभी राजनीतिक दल बयानबाजी से ऊपर उठकर अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों, पर्याप्त स्टाफ, आधुनिक उपकरण और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सकारात्मक भूमिका निभाएं।उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा की जनता अब बयान नहीं, काम देखना चाहती है। कांग्रेस को श्रेय की चिंता छोड़ अपना रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखना चाहिए। भाजपा अपने कार्यों और सरकार के प्रयासों का हिसाब जनता को देने के लिए तैयार है।
