



अल्मोड़ा-चितई में उन्नति स्वायत्त सहकारिता की द्वितीय वार्षिक आम सभा का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग कर स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं से संवाद किया। इस दौरान महिलाओं की आजीविका, स्वरोजगार, सहकारिता और आर्थिक आत्मनिर्भरता को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।दर्जा मंत्री गंगा बिष्ट ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रही हैं, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी तैयार कर रही हैं। सहकारिता के माध्यम से महिलाओं को अपने स्थानीय संसाधनों, पारंपरिक हुनर और प्रतिभा को आजीविका के साधनों में बदलने के लिए बेहतर मंच मिल रहा है।उन्होंने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।महिलाओं को सामूहिक प्रयासों के माध्यम से प्रशिक्षण, विपणन और आर्थिक गतिविधियों से जोड़कर उनकी आय के साधनों को बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने समूहों से जुड़ी महिलाओं को नई गतिविधियों और स्वरोजगार के क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।राज्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश की मातृशक्ति मेहनत, सहभागिता और उद्यमशीलता की मिसाल पेश कर रही है। महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ने से परिवारों के साथ-साथ गांव और स्थानीय अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सहकारिता एक प्रभावी माध्यम साबित हो रही है।उन्होंने कहा कि उनका विश्वास है कि मातृशक्ति की मेहनत और सामूहिक सहभागिता से आत्मनिर्भर उत्तराखंड के संकल्प को नई गति मिलेगी। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य प्रेम लटवाल सहित संबंधित विभाग के कर्मचारी तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। वार्षिक आम सभा के दौरान समूह की गतिविधियों और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयासों को लेकर भी चर्चा की गई।
