अल्मोड़ा-डुबकियां वार्ड में नशे के खिलाफ पार्षद अंजू बिष्ट ने मोर्चा संभालते हुए बुधवार शाम पुलिस टीम के साथ विभिन्न क्षेत्रों में गश्त की।पार्षद ने पुलिस कर्मियों के साथ वार्ड के उन स्थानों का निरीक्षण किया जहां आए दिन नशेड़ियों के बैठने और संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें सामने आती रही हैं।गश्त के दौरान खजांची मोहल्ला,तीन मूर्ति मंदिर क्षेत्र और सूर्य भवन इलाके सहित वार्ड के कई स्थानों पर पुलिस टीम ने पैदल भ्रमण किया।इन क्षेत्रों में जहां भी नशेड़ियों के बैठने की शिकायतें थीं वहां विशेष रूप से निगरानी की गई।पुलिस ने संदिग्ध रूप से बैठे लोगों से पूछताछ भी की और सार्वजनिक स्थानों पर नशे का सेवन अथवा संदिग्ध गतिविधियां पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।पार्षद अंजू बिष्ट ने कहा कि वार्ड में नशे के बढ़ते प्रभाव को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने और वार्ड में सुरक्षित माहौल बनाए रखने के लिए पुलिस के साथ मिलकर लगातार निगरानी की जाएगी।उन्होंने स्थानीय लोगों से भी अपील की कि यदि किसी स्थान पर नशेड़ियों का जमावड़ा या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है तो तत्काल पुलिस अथवा जनप्रतिनिधि को इसकी सूचना दें।पार्षद ने कहा कि वार्ड की गलियों और सार्वजनिक स्थलों को नशेड़ियों का अड्डा नहीं बनने दिया जाएगा।उन्होंने पुलिस से भी ऐसे स्थानों पर नियमित गश्त बढ़ाने का आग्रह किया। पुलिस टीम ने आश्वस्त किया कि वार्ड में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित रूप से गश्त की जाएगी तथा असामाजिक गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।स्थानीय लोगों ने पार्षद की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि शाम और रात के समय पुलिस की गश्त बढ़ने से वार्ड में सुरक्षा का माहौल मजबूत होगा और नशेड़ियों पर भी अंकुश लगेगा। इस अवसर पर पार्षद अंजू बिष्ट के साथ मोहित बिष्ट,राकेश बिष्ट,जय वर्धन भट्ट,पवन बिष्ट,दीपांशु पांडेय आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *