अल्मोड़ा-हवालबाग विकासखंड के ग्राम फलसीमा में ग्रामीणों को बेहतर एवं सुचारु पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हुई है। गांव में प्रस्तावित 40 हजार लीटर क्षमता के पेयजल टैंक के निर्माण कार्य का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ भूमि पूजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और उन्होंने निर्माण कार्य को क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में अहम कदम बताया।भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यमंत्री गंगा बिष्ट ने सहभागिता की। पूजा-अर्चना के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि तथा पेयजल टैंक का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक एवं निर्धारित समय पर पूरा होने की कामना की।ग्रामीणों के अनुसार फलसीमा सहित हवालबाग क्षेत्र में समय-समय पर पेयजल संकट की स्थिति सामने आती रही है।ऐसे में 40 हजार लीटर क्षमता वाले इस टैंक के निर्माण से गांव में पानी के भंडारण की व्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा आवश्यकता के समय पेयजल आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।इस टैंक के निर्माण से 500 से अधिक ग्रामीणों को सीधे लाभ मिलने की उम्मीद है।ग्रामीणों ने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा को मजबूत करने के लिए जल भंडारण क्षमता बढ़ाना बेहद जरूरी है। टैंक के निर्माण से गर्मियों अथवा पेयजल संकट के दौरान ग्रामीणों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने इस पहल के लिए संबंधित विभाग एवं जनप्रतिनिधियों का आभार जताया।भूमि पूजन कार्यक्रम में ग्राम प्रधान भूपेंद्र सिंह बिष्ट, पान सिंह बिष्ट, नंदन बिष्ट, कुलदीप बिष्ट, बलवंत बिष्ट सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य शीघ्र पूरा होने के बाद गांव की पेयजल समस्या के समाधान में यह टैंक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *