

अल्मोड़ा-जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क को मजबूत करने की दिशा में विधायक मोहन सिंह मेहरा ने गुरुवार को तीन सड़क एवं पुल परियोजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और विकास कार्यों को गति मिलेगी। शिलान्यास की गई परियोजनाओं में चिल मोटर मार्ग से सिंधिया मल्ला तड़कोट मोटर मार्ग पर 24 मीटर स्पान स्टील पुल का निर्माण शामिल है, जिसकी अनुमानित लागत 3.12 करोड़ रुपये है। इसके अलावा बसोली-चमतोला मोटर मार्ग के 3.5 किलोमीटर हिस्से के सुधारीकरण एवं डामरीकरण पर 1.21 करोड़ रुपये तथा मकड़ाऊ-दशौला मोटर मार्ग के 2.5 किलोमीटर हिस्से के सुधारीकरण एवं डामरीकरण पर करीब 1.70 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। विधायक मोहन सिंह मेहरा ने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी। सड़क और पुल निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा, जिससे लोगों को आवागमन के साथ-साथ विकास कार्यों का भी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और संबंधित विभागों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, मंडल अध्यक्ष ध्याड़ी प्रताप सिंह, लक्ष्मण सिंह, जीवन पालीवाल, तड़कोट के प्रधान शिव सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह, पूर्व प्रधान खीमानंद पालीवाल, आनंद सिंह, चमतोला के प्रधान शेर सिंह, पूर्व प्रधान दीवान आर्य, गोविंद पालीवाल, इंद्र पालीवाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
