अल्मोड़ा-उत्तराखंड क्रांति दल ने शुक्रवार को देवभूमि सफाई कर्मचारी संघ के नेतृत्व में नगर निगम अल्मोड़ा में विभिन्न मांगों को लेकर पिछले 27 दिनों से चल रहे आंदोलन तथा पिछले पांच दिनों से आमरण अनशन पर बैठे संघ के महामंत्री राजपाल के अनशन को पूर्ण समर्थन दिया। इस दौरान यूकेडी नेता विनय किरौला ने कहा कि एक ओर सरकार नगर पालिकाओं का उच्चीकरण कर उन्हें नगर निगम बना रही है, वहीं दूसरी ओर निगमों के बुनियादी कर्मचारियों को अपनी मूलभूत आवश्यकताओं के लिए आमरण अनशन करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि नगर की सफाई और सौंदर्यीकरण का पूरा दायित्व निभाने वाले पर्यावरण मित्रों एवं अन्य कर्मचारियों को, जो ठेका प्रथा के माध्यम से कार्यरत हैं, तत्काल संविदा पर रखा जाए तथा नियमितीकरण होने तक उन्हें समान कार्य के लिए समान वेतन दिया जाए। जिला अध्यक्ष दिनेश जोशी ने कहा कि वर्षों से नगर की सफाई व्यवस्था संभाल रहे पर्यावरण मित्रों के लिए आवास की समुचित व्यवस्था की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को आवंटित आवासों की स्थिति अत्यंत जर्जर हो चुकी है, इसलिए सरकार उन्हें बेहतर और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराए। इस अवसर पर उत्तराखंड क्रांति दल के जिला अध्यक्ष दिनेश जोशी, विनय किरौला, महामंत्री देवेश जोशी, उपाध्यक्ष पान सिंह लटवाल, सुजीत टम्टा, सैनिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष चंदन सिंह मुस्युनी, संयुक्त सचिव त्रिलोक लटवाल, नगर अध्यक्ष मोहित साह, अक्षय टम्टा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *