


अल्मोड़ा-सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के एस.एस.जे. परिसर स्थित स्वामी विवेकानंद ऑडिटोरियम में 24 यूके छात्रा वाहिनी एनसीसी द्वारा वीरांगना फेस्ट एवं रैंक सेरेमनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी के प्रतिनिधि एवं मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के संरक्षक कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट, अध्यक्ष परिसर निदेशक प्रो. प्रवीण सिंह बिष्ट, सह-अध्यक्ष प्रो. शेखर चंद्र जोशी, संयोजक लेफ्टिनेंट डॉ. ममता पंत (एएनओ, 24 गर्ल्स बटालियन), विश्वविद्यालय मीडिया प्रभारी डॉ. ललित चंद्र जोशी, छात्रसंघ अध्यक्ष लोकेश सुप्याल, उपाध्यक्ष भूपेश गैड़ा एवं कोषाध्यक्ष विनय कनवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद कैडेट्स ने राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान एवं कुलगीत की प्रभावशाली प्रस्तुति दी तथा अतिथियों का स्वागत किया।अपने संबोधन में कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने कहा कि विश्वविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना ही एनसीसी की सबसे बड़ी पहचान है। उन्होंने छात्रा कैडेट्स के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वे देश की सुरक्षा के साथ-साथ समाज में जागरूकता फैलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।परिसर निदेशक प्रो. प्रवीण सिंह बिष्ट ने वीरांगना फेस्ट को छात्राओं के व्यक्तित्व विकास का उत्कृष्ट मंच बताते हुए कहा कि कैडेट्स को सदैव राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को भारतीय सशस्त्र सेनाओं में अपना भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट को मानद कर्नल एवं एनसीसी में कर्नल कमांडेंट नियुक्त होने पर बधाई दी।प्रो. शेखर चंद्र जोशी ने कहा कि एनसीसी अनुशासन, नेतृत्व और उत्कृष्ट चरित्र निर्माण का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कैडेट्स से समर्पण और लगन के साथ कार्य करते हुए समाज के लिए प्रेरणा बनने का आह्वान किया।मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय कैडेट कोर राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव है। उन्होंने बताया कि वे स्वयं भी एनसीसी कैडेट रह चुके हैं और एनसीसी से मिले अनुशासन एवं अनुभव ने उनके जीवन को नई दिशा दी। उन्होंने कैडेट्स से कठिन परिश्रम, लक्ष्य निर्धारण और अनुशासित जीवन अपनाने का आह्वान किया।विश्वविद्यालय मीडिया प्रभारी डॉ. ललित चंद्र जोशी ने छात्राओं को अनुशासन और निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया। वहीं रसायन विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. रूबीना अमान ने कहा कि छात्राएं शिक्षा, परिवार और समाज की जिम्मेदारियों के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने धैर्य, परिश्रम और आत्मविश्वास को सफलता की कुंजी बताया।
कार्यक्रम संयोजक लेफ्टिनेंट डॉ. ममता पंत ने 24 यूके छात्रा वाहिनी एनसीसी की वर्षभर की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि बटालियन के कैडेट्स कमांडिंग ऑफिसर, सूबेदार मेजर एवं पीआई स्टाफ के मार्गदर्शन में हर प्रकार की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के लिए प्रशिक्षित किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन, विशेष रूप से कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट द्वारा एनसीसी को दिए जा रहे निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक,एनसीसी अधिकारी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में कैडेट्स उपस्थित रहे। वीरांगना फेस्ट और रैंक सेरेमनी के माध्यम से छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को और अधिक सशक्त बनाने का संदेश दिया गया।
