

अल्मोड़ा-मां नंदा सर्वदलीय महिला समिति की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को मां नंदा देवी मंदिर प्रांगण में आयोजित की गई।बैठक में आगामी जन्माष्टमी महोत्सव को भव्य एवं सांस्कृतिक स्वरूप में मनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। समिति की पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि इस वर्ष जन्माष्टमी महोत्सव 3 एवं 4 सितंबर को पारंपरिक उत्साह और धार्मिक आस्था के साथ मनाया जाएगा।बैठक में महोत्सव की रूपरेखा तय करते हुए विभिन्न कार्यक्रमों की जिम्मेदारियां भी समिति की सदस्यों को सौंपी गईं।समिति की सचिव गीता मेहरा ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य भगवान श्रीकृष्ण के जीवन आदर्शों, भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी कार्यक्रमों को आकर्षक और भव्य बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।उन्होंने बताया कि 3 सितंबर को सायं 5 बजे से गरबा एवं डांडिया का रंगारंग आयोजन होगा जिसमें नगर की महिलाएं,युवतियां एवं बालिकाएं पारंपरिक वेशभूषा में भाग लेंगी।इस अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा के प्रेम,भक्ति और भारतीय संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।वहीं 4 सितंबर को जन्माष्टमी के अवसर पर राधा-कृष्ण की थीम पर आधारित भव्य सांस्कृतिक जुलूस निकाला जाएगा।जुलूस में बालक-बालिकाएं भगवान श्रीकृष्ण,राधा एवं अन्य पौराणिक पात्रों की वेशभूषा में शामिल होकर नगरवासियों को धार्मिक एवं सांस्कृतिक संदेश देंगे।इसके साथ ही बालिकाओं द्वारा मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कार्यक्रमों में नगरवासियों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। समिति की ओर से महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों से बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की गई ताकि जन्माष्टमी महोत्सव को यादगार बनाया जा सके।समिति की पदाधिकारियों ने कहा कि मां नंदा देवी मंदिर परिसर में आयोजित होने वाला यह महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का भी माध्यम है। बैठक में आयोजन की व्यवस्थाओं,सजावट, सांस्कृतिक कार्यक्रमों,सुरक्षा, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक तैयारियों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।सभी सदस्यों ने सफल आयोजन के लिए सामूहिक सहयोग का संकल्प लिया। बैठक में समिति की अध्यक्ष मीणा भैसोड़ा,सचिव गीता मेहरा,विमला बोरा,गीता पांडे किरन शाह,लक्की वर्मा,मोहनी कनवाल,निर्मला जोशी,हरिता नेगी,राजेश्वरी जम्याल,गीता आर्य,ज्योति रावत,ललिता सिराडी,हेमा जोशी उपस्थित रही। संस्था की सचिव गीता मेहरा ने महिलाओं का आहवान करते हुए कहा कि जो भी महिलाएं गरबा में भाग लेना चाहती हैं वह 9412909880 नंबर पर संपर्क कर सकती हैं।
