

अल्मोड़ा-उत्तराखण्ड क्रांति दल (यूकेडी) की जनपद अल्मोड़ा इकाई की मासिक बैठक शनिवार को जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष दिनेश जोशी की अध्यक्षता में संपन्न हुई।बैठक में संगठन विस्तार,सदस्यता अभियान,आगामी चुनावों की रणनीति तथा जनहित के विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष दिनेश जोशी ने बताया कि यूकेडी के ऑफलाइन सदस्यता अभियान के तहत अब तक लगभग 8,500 नए सदस्य संगठन से जुड़ चुके हैं।उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में पार्टी की नीतियों, जनसरोकारों और संघर्षों को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है जिससे संगठन के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है।बैठक में सर्वसम्मति से पान सिंह लटवाल को उत्तराखण्ड क्रांति दल जनपद अल्मोड़ा का जिला कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया।पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई मजबूती मिलेगी।इस दौरान आगामी चुनावों की तैयारियों, बूथ स्तर तक संगठन के विस्तार,सदस्यता अभियान को और गति देने तथा व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम चलाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।बैठक में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते हुए संगठन ने महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को भी सकारात्मक संकेत बताया।
बैठक में वर्ष 2001-02 से लंबित पुलिस ग्रेड पे ₹4600 की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन को यूकेडी का समर्थन दोहराया गया।सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 13 जुलाई को अल्मोड़ा से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता देहरादून पहुंचकर आंदोलन में शामिल होंगे।इसी अवसर पर यूकेडी जिला इकाई मुख्यमंत्री को पुलिस कर्मियों की न्यायोचित मांग सहित विभिन्न जनहित के मुद्दों पर ज्ञापन भी सौंपेगी।बैठक का संचालन जिला महामंत्री एडवोकेट देवेश जोशी ने किया।बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष पंकज सिंह, विनय किरौला,जिला उपाध्यक्ष सुजीत टम्टा,महानगर अध्यक्ष मोहित साह,जिला युवा अध्यक्ष रघुवर भाकुनी,युवा केंद्रीय संगठन मंत्री नरेश सिंह बिष्ट,युवा जिला महामंत्री रवि नेगी, सैनिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष चंदन सिंह सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।बैठक के अंत में संगठन को गांव-गांव और बूथ स्तर तक मजबूत बनाने,सदस्यता अभियान को तेज करने तथा उत्तराखण्ड के जनहित के मुद्दों पर निरंतर संघर्ष जारी रखने का सामूहिक संकल्प लिया गया।
