अल्मोड़ा-विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में बुधवार को फिल्म जगत की दो चर्चित हस्तियों हेमंत पांडे एवं राजपाल यादव के आगमन से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल रहा।दोनों कलाकारों ने पवित्र मंदिर परिसर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए तथा विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर देश एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।पूजा-अर्चना आचार्य निर्मल भट्ट के मार्गदर्शन में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुई।इस दौरान दोनों कलाकारों ने भगवान जागेश्वर का आशीर्वाद प्राप्त किया और मंदिर की प्राचीन धार्मिक परंपराओं के बारे में जानकारी भी ली।दर्शन के उपरांत राजपाल यादव और हेमन्त पांडे ने जागेश्वर धाम की आध्यात्मिक ऊर्जा,प्राकृतिक सौंदर्य और शांत वातावरण की मुक्त कंठ से सराहना की।उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड का यह पावन धाम अद्भुत आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करता है तथा यहां आकर मन को अपार शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है।दोनों कलाकारों के आगमन की सूचना मिलते ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और प्रशंसकों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं और उनका आत्मीय स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *