अल्मोड़ा-विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में प्रस्तावित श्रावणी मेले के सफल आयोजन को लेकर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि इस वर्ष श्रावणी मेले का आयोजन 16 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक किया जाना प्रस्तावित है।उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध रूप से व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि गत वर्ष (लगभग एक लाख) की तुलना में इस बार श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहने की संभावना है,इसलिए सभी तैयारियां उसी अनुरूप की जाएं।जिलाधिकारी ने परिवहन व्यवस्था,पार्किंग प्रबंधन, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, शौचालय, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा वे जागेश्वर धाम से सुखद एवं सकारात्मक अनुभव लेकर लौटें। इसके लिए सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रहे, पार्किंग का प्रभावी प्रबंधन किया जाए तथा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि जागेश्वर धाम न केवल आस्था का प्रमुख केंद्र है, बल्कि यह क्षेत्र की पर्यटन गतिविधियों और स्थानीय लोगों की आजीविका का भी महत्वपूर्ण आधार है। ऐसे में श्रावणी मेले का सुव्यवस्थित एवं सफल आयोजन जनपद की प्रतिष्ठा से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से समन्वित प्रयासों के साथ बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, उप जिलाधिकारी जैंती/भनोली सौम्या गर्ब्याल, तहसीलदार/प्रबंधक जागेश्वर मंदिर समिति ज्योति धपवाल सहित जागेश्वर के हितधारक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *