

रानीखेत-उत्तराखंड सरकार में दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल के रानीखेत आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और जोरदार नारों के साथ उनका अभिनंदन किया।इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न मंडलों एवं शक्ति केंद्रों से बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।रानीखेत पहुंचने के बाद दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल ने भाजपा के शक्ति केंद्रों की बैठक में भाग लिया।बैठक में संगठन की मजबूती,आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने का आह्वान किया।कुंदन लटवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन उसकी सबसे बड़ी ताकत है और शक्ति केंद्र संगठन की रीढ़ हैं।उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करे ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनके समाधान के लिए प्रयास करने की भी अपील की।बैठक के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी चुनावी तैयारियों और जनसंपर्क अभियानों पर भी चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है।इसके लिए कार्यकर्ताओं को समर्पण और अनुशासन के साथ कार्य करना होगा।कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री की विकासपरक नीतियों और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया तथा कहा कि उत्तराखंड लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनभावनाओं के अनुरूप कार्य कर रही है और जनता का विश्वास पार्टी के प्रति लगातार बढ़ रहा है।बैठक के अंत में कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा पार्टी के कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संचालित करने का संकल्प लिया।इस अवसर पर विधायक प्रमोद नैनवाल सहित भाजपा के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी,मंडल अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक,बूथ अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।कार्यक्रम का समापन संगठन की मजबूती और विकास के संकल्प के साथ हुआ।

