अल्मोड़ा-मानसून सीजन को देखते हुए जनपद प्रभारी सचिव डॉ पंकज कुमार पांडे ने आज अल्मोड़ा के विकासभवन सभागार पहुंचकर आपदा प्रबंधन एवं मानसून पूर्व तैयारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक ली।बैठक के प्रारंभ में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रभारी सचिव को जनपद की तैयारियों से अवगत कराया।जिलाधिकारी ने बताया कि आपदा की दृष्टि से संवेदनशील स्थलों का चिन्हीकरण,कंट्रोल रूम की स्थापना,विभागीय नोडल अधिकारियों की तैनाती, जेसीबी-डोजर की व्यवस्था, खाद्यान्न एवं दवाओं का अग्रिम भंडारण तथा वैकल्पिक मार्गों की पहचान के कार्यों पर पूर्ण ध्यान दिया गया है।प्रस्तुतीकरण के बाद प्रभारी सचिव डॉ पांडे ने जनपद प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा मानसून अपने आप में आपदा नहीं है।मानसून के दौरान भूस्खलन,बाढ़,सड़क अवरुद्ध होना जैसी विकट परिस्थितियां ही वास्तविक आपदा हैं।प्राकृतिक आपदा को कोई रोक नहीं सकता लेकिन आपदा के बाद हमारा रिस्पांस टाइम कम से कम हो।प्रभावित लोगों तक राहत एवं आवश्यक सुविधाएं तत्काल पहुंचें, यही हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।उन्होंने विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी विभाग टीम वर्क की भावना से कार्य करें।चाहे कैसी भी विपरीत परिस्थिति हो,यदि टीम वर्क मजबूत होगा तो हमारा कार्य उतना ही सफल और प्रभावी होगा।प्रभारी सचिव ने लोनिवि,स्वास्थ्य,पूर्ति,विद्युत, जल संस्थान एवं सिंचाई विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि मानसून अवधि में सड़कों का तत्काल खुलना,अस्पतालों में 24×7 चिकित्सा सुविधा, नदी-नालों के जलस्तर की मॉनिटरिंग एवं संवेदनशील गांवों में चेतावनी तंत्र सक्रिय रखा जाए।बैठक में डॉ. पांडे ने सभी विभागीय अधिकारियों से एक-एक कर सुझाव आमंत्रित किए तथा क्षेत्र में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं को गंभीरता से सुना।उन्होंने आश्वस्त किया कि शासन स्तर पर समाधान योग्य समस्याओं का तत्काल निराकरण कराया जाएगा।उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि आवश्यकतानुसार मॉकड्रिल कराई जाए,ताकि आपदा के समय सभी की भूमिका स्पष्ट रहे।संचार व्यवस्था,वायरलेस सेट एवं सैटेलाइट फोन की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा,उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार,मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ योगेश पुरोहित,जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल,अधीक्षण एवं अधिशासी अभियंता लोनिवि, सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *