अल्मोड़ा-कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भोज एवं अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर प्रदेश में लगातार सामने आ रही परीक्षा संबंधी अनियमितताओं,पेपर लीक की घटनाओं तथा भर्ती घोटालों पर गहरा रोष व्यक्त किया।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार युवाओं के प्रति पूरी तरह असंवेदनशील हो चुकी है और उसके कार्यकाल में प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता लगातार कमजोर होती जा रही है।उन्होंने कहा कि सरकार की लापरवाही और विफलताओं का खामियाजा प्रदेश के लाखों युवा भुगत रहे हैं जो वर्षों तक कठिन परिश्रम कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश और देश के विभिन्न हिस्सों में अनेक परीक्षाओं के पेपर लीक होने,भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं तथा परीक्षाओं के निरस्त होने की घटनाएं सामने आई हैं।इन घटनाओं ने युवाओं के मनोबल को गहरा आघात पहुंचाया है।उन्होंने कहा कि मेहनत और लगन से तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं के मन में अब परीक्षा से पहले ही भय और असुरक्षा का वातावरण बन गया है।उन्हें यह चिंता सताने लगी है कि कहीं उनकी वर्षों की मेहनत भ्रष्टाचार,लापरवाही और अव्यवस्था की भेंट न चढ़ जाए।अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के बजाय उनकी उम्मीदों के साथ खिलवाड़ कर रही है।उन्होंने कहा कि बेरोजगारी पहले से ही युवाओं के लिए गंभीर समस्या बनी हुई है वहीं भर्ती परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियां उनकी परेशानियों को और बढ़ा रही हैं।उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता,निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन वर्तमान व्यवस्था में लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं। इससे युवाओं का विश्वास सरकारी तंत्र से उठता जा रहा है।मनोज तिवारी ने कहा कि जब कोई युवा वर्षों तक कठिन परिश्रम कर परीक्षा की तैयारी करता है और परीक्षा के बाद उसे पता चलता है कि पेपर लीक हो गया या परीक्षा रद्द कर दी गई है तो उसका मानसिक और आर्थिक दोनों प्रकार का नुकसान होता है।उन्होंने कहा कि सरकार को इस गंभीर विषय को राजनीतिक दृष्टि से नहीं बल्कि युवाओं के भविष्य और उनके अधिकारों के प्रश्न के रूप में देखना चाहिए।कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भोज ने कहा कि प्रदेश के युवाओं का सरकार पर से भरोसा लगातार कम होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता की कमी तथा बार-बार सामने आ रहे घोटालों ने युवाओं के मन में निराशा पैदा की है। उन्होंने कहा कि अनेक छात्र-छात्राएं वर्षों तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में अपना समय, ऊर्जा और आर्थिक संसाधन खर्च करते हैं, लेकिन जब परीक्षा प्रक्रिया ही संदेह के घेरे में आ जाती है तो उनके सपनों को गहरा आघात पहुंचता है।भूपेंद्र भोज ने कहा कि पेपर लीक और परीक्षाओं के निरस्त होने से व्यथित होकर अनेक छात्र-छात्राओं द्वारा आत्महत्या जैसे कदम उठाने की घटनाएं भी सामने आई हैं, जो अत्यंत चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रशासनिक विफलता का विषय नहीं है,बल्कि लाखों परिवारों की भावनाओं और युवाओं के भविष्य से जुड़ा हुआ मामला है। सरकार को इस दिशा में गंभीरता दिखाते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि परीक्षा एवं भर्ती प्रक्रियाओं में हुई सभी गड़बड़ियों की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराई जाए। साथ ही दोषी अधिकारियों, कर्मचारियों और पेपर लीक माफियाओं के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए भर्ती और परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी एवं तकनीकी रूप से सुरक्षित बनाया जाना चाहिए।प्रेस वार्ता के दौरान विधायक मनोज तिवारी एवं जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भोज ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग की। उन्होंने कहा कि देशभर में परीक्षा प्रणाली को लेकर लगातार उठ रहे सवालों और विवादों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार युवाओं के हितों की रक्षा करने और परीक्षा प्रणाली में सुधार लाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाती है तो कांग्रेस प्रदेशभर में व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी।उन्होंने कहा कि पार्टी युवाओं के भविष्य और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी तथा युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाएगी।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने युवाओं से निराश न होने की अपील करते हुए कहा कि उनकी लड़ाई न्यायपूर्ण और पारदर्शी व्यवस्था के लिए है तथा कांग्रेस पार्टी युवाओं के हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर उनके साथ खड़ी रहेगी। प्रेस वार्ता में नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, महिला जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट, यूथ अध्यक्ष विक्रम फर्त्याल, अरविंद रौतेला, आनंद सिंह बिष्ट, विपुल कार्की आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *