

अल्मोड़ा-हेमवती नंदन बहुगुणा स्पोर्ट्स स्टेडियम में सोमवार को भूतपूर्व राष्ट्रीय एथलेटिक्स कोच गुरफुल सिंह ने प्रेस वार्ता आयोजित कर अल्मोड़ा में हॉफ मैराथन आयोजित कराने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि नैनीताल मैराथन और देहरादून हॉफ मैराथन की तर्ज पर अल्मोड़ा में भी इस प्रकार का आयोजन किया जाना चाहिए। गुरफुल सिंह ने बताया कि वह स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया, एनआईएस पटियाला तथा साई ईएसटी सेंटर कोलकाता में कोच के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने भारतीय एथलेटिक्स टीम को भी वर्षों तक प्रशिक्षण दिया है। वर्तमान में वह मैराथन और अल्ट्रा मैराथन प्रतियोगिताओं में सक्रिय रूप से प्रतिभाग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा प्रवास के दौरान स्थानीय लोगों से बातचीत में हॉफ मैराथन आयोजन को लेकर सकारात्मक सुझाव मिले हैं। आयोजन की संभावित तिथियों और आयोजन समिति के गठन को लेकर जल्द ही स्थानीय प्रतिष्ठित नागरिकों और खेल प्रेमियों के साथ बैठक कर निर्णय लिया जाएगा। गुरफुल सिंह ने कहा कि हॉफ मैराथन जैसे आयोजनों से युवाओं और वरिष्ठ खिलाड़ियों में नया उत्साह पैदा होगा। साथ ही नई पीढ़ी में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी और युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी मदद मिलेगी। प्रेस वार्ता में जिला क्रीड़ा अधिकारी महेशी आर्या, हरीश कनवाल, मनोज कनवाल, आबिद अली खाल, दीपक वर्मा, प्रेम सिंह रावत, प्रशांत सिंह मेहरा सहित अन्य खेल प्रेमी एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।
