अल्मोड़ा-जिला कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा की जिला कार्यकारिणी की बैठक आज जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज की अध्यक्षता में संपन्न हुई।बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी राजनीतिक एवं जनहित कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा देश की शिक्षा व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि नीट परीक्षा में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और अनियमितताओं के मामलों ने देश के करोड़ों विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों का भरोसा कमजोर किया है।उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता। केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने में विफल रही है,जिसके कारण विद्यार्थियों में निराशा और आक्रोश का वातावरण बना हुआ है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा विद्यार्थियों और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी उनके अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी। उन्होंने मांग की कि नीट सहित सभी प्रतियोगी परीक्षाओं को निष्पक्ष,पारदर्शी एवं भ्रष्टाचार मुक्त बनाया जाए।संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभानी होगी।बैठक में प्रत्येक ब्लॉक, न्याय पंचायत एवं बूथ स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने,नए सदस्यों को जोड़ने तथा जनसमस्याओं को लेकर जनता के बीच जाने का निर्णय लिया गया।बैठक में आगामी राजनीतिक एवं जनहित कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार की गई।कार्यकर्ताओं से कांग्रेस की नीतियों एवं जनहितकारी विचारों को घर-घर तक पहुंचाने तथा जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने का आह्वान किया गया। जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र भोज ने कहा कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस निश्चित रूप से जन भावनाओ के अनुरूप सरकार बनाने जा रही है।बैठक में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, विधायक मनोज तिवारी,पूर्व जिलाध्यक्ष पीताम्बर पाण्डेय, पीसीसी सदस्य गोपाल सिंह चौहान, महानगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, वैभव पांडे, गीता मेहरा सहित जिला,ब्लॉक एवं नगर स्तर के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।सभी ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनता के मुद्दों पर संघर्ष को तेज करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *