

अल्मोड़ा-सोबन सिंह जीना राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान (मेडिकल कॉलेज), अल्मोड़ा के लिए यह अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है कि संस्थान के एनेस्थीसियोलॉजी विभाग द्वारा संचालित दर्द एवं उपशामक चिकित्सा सेवाओं पर आधारित कार्य को विश्व के प्रतिष्ठित उपशामक चिकित्सा मंच ई-हॉस्पिस लंदन (यूके) में प्रकाशित किया गया है।
ई-हॉस्पिस विश्व स्तर पर हॉस्पिस एवं पेलिएटिव केयर के क्षेत्र का अग्रणी डिजिटल मंच है, जहां विभिन्न देशों में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों,नवाचारों और सफल प्रयासों को स्थान दिया जाता है।अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज के इस कार्य का अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रकाशित होना न केवल संस्थान,बल्कि पूरे उत्तराखंड और विशेष रूप से कुमाऊं क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।प्रकाशित रिपोर्ट में एनेस्थीसियोलॉजी विभाग द्वारा पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में दर्द एवं उपशामक चिकित्सा सेवाओं को नियमित स्वास्थ्य सेवाओं के साथ सफलतापूर्वक एकीकृत करने,समर्पित ओपीडी एवं वार्ड की स्थापना, गृह आधारित सेवाओं तथा सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रमों का विशेष उल्लेख किया गया है।इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर संस्थान के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) सी.पी. भैसोडा ने एनेस्थीसियोलॉजी विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) उर्मिला पलारिया, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. आदित्य कुमार चौहान तथा पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।उन्होंने कहा कि विश्व की प्रतिष्ठित संस्था ई-हॉस्पिस लंदन में संस्थान के कार्य का प्रकाशित होना इस बात का प्रमाण है कि अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज शिक्षा,शोध एवं रोगी सेवा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रहा है।प्राचार्य प्रो. (डॉ.) भैसोडा ने कहा कि यह उपलब्धि संस्थान के सभी संकाय सदस्यों और चिकित्सकों को और अधिक समर्पण एवं उत्साह के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगी।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी संस्थान राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाए रखते हुए नई उपलब्धियां हासिल करेगा।
