
अल्मोड़ा-भाजपा नगर महामंत्री देवेन्द्र भट्ट ने कांग्रेस महानगर अध्यक्ष द्वारा माल रोड के डामरीकरण को लेकर दिए गए बयान को भ्रामक और राजनीतिक निराशा का परिणाम बताया है।उन्होंने कहा कि माल रोड में डामरीकरण का कार्य एक तकनीकी एवं विभागीय प्रक्रिया के अंतर्गत किया जाता है। सड़क पर कलवर्ट निर्माण सहित आवश्यक आधारभूत कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया गया है ताकि भविष्य में सड़क निर्माण की गुणवत्ता प्रभावित न हो।बरसात के मौसम और तकनीकी मानकों को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।देवेन्द्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस को जनता की चिंता कम और राजनीतिक अवसर तलाशने की अधिक चिंता है।जिन नेताओं को आज माल रोड की याद आ रही है वे अपने शासनकाल में नगर की सड़कों और आधारभूत सुविधाओं की स्थिति सुधारने में पूरी तरह विफल रहे थे।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विकास कार्यों को घोषणाओं से नहीं बल्कि धरातल पर परिणामों से पहचान दिला रही है।माल रोड के डामरीकरण सहित जनहित के सभी कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरे किए जाएंगे।जनता को गुमराह करने और अनावश्यक आंदोलन की चेतावनी देने के बजाय कांग्रेस को सकारात्मक सहयोग की राजनीति करनी चाहिए।देवेन्द्र भट्ट ने विश्वास व्यक्त किया कि लोक निर्माण विभाग शीघ्र ही आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर कार्य प्रारंभ करेगा तथा नगरवासियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और विकास कार्यों पर राजनीति करने वालों को जनता स्वयं जवाब देगी।
