
अल्मोड़ा-हरीदत्त पेटशाली इंटर कॉलेज में गुरुवार को अभिभावक-शिक्षक संघ (पीटीए) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय की शैक्षिक प्रगति, छात्र हितों एवं विकासात्मक गतिविधियों पर चर्चा के साथ नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ पीटीए अध्यक्ष श्रीमती निर्मला सिराड़ी, विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद तथा प्रधानाचार्य डॉ. महेन्द्र सिंह महरा ने संयुक्त रूप से किया। इसके बाद आयोजित चुनाव प्रक्रिया में श्रीमती निर्मला सिराड़ी को पुनः पीटीए अध्यक्ष, श्रीमती आशा देवी को उपाध्यक्ष तथा श्रीमती रमा देवी को मंत्री पद पर सर्वसम्मति से निर्वाचित किया गया।बैठक में अभिभावकों ने विद्यालय की व्यवस्थाओं एवं शैक्षिक गतिविधियों को लेकर अपने सुझाव रखे तथा विद्यालय की उपलब्धियों पर संतोष व्यक्त किया। इस दौरान प्रधानाचार्य डॉ. महेन्द्र सिंह महरा ने विद्यालय की वार्षिक प्रगति आख्या प्रस्तुत करते हुए बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम, सहशैक्षिक गतिविधियों एवं आगामी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अभिभावकों से विद्यालय के साथ निरंतर सहयोग बनाए रखने का आह्वान किया।बैठक में प्रवक्ता योगेश रौतेला,श्रीमती हीरा टम्टा,सहायक अध्यापक हरीश चन्द्र उप्रेती,जयप्रकाश, श्रीमती गीता मठपाल,वरिष्ठ सहायक हरीश चन्द्र पेटशाली, सहायक अध्यापक नरेन्द्र मनराल तथा संगीत शिक्षक अजय कुमार सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।बैठक की अध्यक्षता एसएमसी अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद ने की, जबकि संचालन प्रधानाचार्य डॉ. महेन्द्र सिंह महरा ने किया। विद्यालय परिवार ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
