
अल्मोड़ा-भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के अल्मोड़ा नहीं पहुंचने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड वीर सैनिकों, शहीदों और राष्ट्रभक्त नागरिकों की भूमि है,जहां सेना और राष्ट्रीय सुरक्षा के विषयों पर राजनीति करने वालों को जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।महेश नयाल ने कहा कि राहुल गांधी के अल्मोड़ा आगमन को लेकर कांग्रेस द्वारा बड़े दावे किए जा रहे थे,लेकिन उनका कार्यक्रम स्थगित हो जाना कांग्रेस की वास्तविक स्थिति को उजागर करता है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस भले ही मौसम को कारण बता रही हो,लेकिन जनता के बीच राहुल गांधी को लेकर उत्साह का अभाव स्पष्ट दिखाई दिया।उन्होंने कहा कि उत्तराखंड केवल एक राज्य नहीं,बल्कि वीरता,बलिदान और राष्ट्रभक्ति की पावन भूमि है। यहां लगभग प्रत्येक परिवार का कोई न कोई सदस्य भारतीय सेना,अर्धसैनिक बलों अथवा अन्य सुरक्षा सेवाओं में राष्ट्र की सेवा कर रहा है।ऐसे प्रदेश में सेना और सैनिकों के सम्मान का विषय अत्यंत संवेदनशील है।महेश नयाल ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी द्वारा पूर्व में कई बार भारतीय सेना और सैन्य अभियानों को लेकर ऐसे बयान दिए गए,जिनसे सैनिकों और उनके परिवारों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि जब देश के वीर जवानों ने सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक जैसे साहसिक अभियान संचालित किए, तब राहुल गांधी और कांग्रेस के नेताओं ने उन पर प्रश्नचिह्न खड़े किए तथा प्रमाण मांगने जैसे बयान दिए। इससे सैनिक समाज और राष्ट्रवादी सोच रखने वाले युवाओं में स्वाभाविक रूप से नाराजगी उत्पन्न हुई।उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा सहित पूरे उत्तराखंड में सेना के सम्मान और राष्ट्रहित के मुद्दों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। यही कारण है कि यहां की जनता उन नेताओं के प्रति सजग रहती है जो देश की सुरक्षा और सेना के पराक्रम पर सवाल उठाते हैं।भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने बीते वर्षों में राष्ट्रीय सुरक्षा, आधारभूत संरचना, गरीब कल्याण और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। जनता का विश्वास लगातार भारतीय जनता पार्टी और उसकी नीतियों के प्रति बढ़ रहा है।उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और जनता का समर्थन भाजपा के साथ मजबूती से जुड़ा हुआ है।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भी उत्तराखंड की जनता विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति को समर्थन देगी तथा प्रदेश में लगातार तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी।महेश नयाल ने कहा कि कांग्रेस को आत्ममंथन करने की आवश्यकता है।जनता अब केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति नहीं,बल्कि विकास, राष्ट्रहित और जनसेवा के आधार पर नेतृत्व का चयन कर रही है।
