
अल्मोड़ा-जिला कांग्रेस कमेटी के जिला महासचिव निर्मल रावत ने अल्मोड़ा में 4 तारीख को प्रस्तावित नेता विपक्ष राहुल गांधी के दौरे को लेकर भाजपा द्वारा की जा रही अनर्गल बयानबाजी पर निशाना साधते हुए कहा कि देश प्रदेश में पेपर लीक वाली सरकारें चला रही भाजपा को छात्र छात्राओं के हितों पर बात करने का नैतिक अधिकार नहीं हैं।उन्होंने बताया कि जिला कांग्रेस कमेटी ने नियमानुसार राजकीय इंटर कॉलेज अल्मोड़ा खेल मैदान और सिमकनी मैदान पर राहुल गांधी की रैली की अनुमति मांगी थी,जिस पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपने विवेक से सिमकनी मैदान पर कार्यक्रम की अनुमति दे दी थी।कांग्रेस द्वारा अनुमति हेतु आवश्यक शुल्क और कागजी कार्यवाही संपादित कर दी गई थी।ऐसे में इस रैली पर सवाल उठाना भाजपा की संवादहीनता और विवेकहीन मानसिकता का प्रतीक है।रावत ने कहा कि भाजपा की सरकारों ने देश प्रदेश में पेपर लीक करवाकर छात्र छात्राओं के हितों से खिलवाड़ किया है जिसके लिए छात्रशक्ति उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।आज देश प्रदेश में कोई ऐसा पेपर नहीं है,जिसकी सुरक्षा भाजपा की सरकारें कर पा रही है,ऐसे में भाजपाइयों को चाहिए थे कि वो अपनी सरकार को पेपर लीक और छात्रछात्राओं के हितों से खिलवाड़ करने से रोकते बजाय इसके वो देश के नेता विपक्ष राहुल गांधी के दौरे को लेकर घबराए हुए हैं।रावत ने कहा कि पूरे देश में एक मात्र नेता राहुल गांधी हैं जिन्होंने आज तक भाजपा द्वारा ईडी,सीबीआई और अन्य दबावों के सामने खुलकर अपनी बात रखी है। नीट पेपर लीक मुद्दे पर भी मजबूती से छात्र छात्राओं के हितों की आवाज उठाई जिसके लिए छात्र छात्राएं उन्हें अल्मोड़ा में भारी संख्या में सुनने आने वाले हैं इसी बात से भाजपाई घबरा गए हैं।
