अल्मोड़ा-जनजागरूकता अभियान के तहत अल्मोड़ा पुलिस द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशन में जिलेभर में महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम और सामाजिक जागरूकता को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को महिला कोतवाली प्रभारी जानकी भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अल्मोड़ा इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं को जागरूक किया। वहीं थाना सल्ट पुलिस ने राजकीय इंटर कॉलेज पेशिया सल्ट में विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ के साथ जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, ओटीपी और बैंक डिटेल साझा करने के खतरे, सोशल मीडिया हैकिंग, संदिग्ध लिंक और फर्जी लोन व इनाम के झांसे जैसे साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी निजी या बैंकिंग जानकारी साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध साइबर घटना की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें। पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में भी जागरूक किया। अधिकारियों ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज पर गंभीर नकारात्मक प्रभाव डालता है। युवाओं से नशे से दूर रहने और किसी भी नशे से संबंधित गतिविधि की सूचना मानस हेल्पलाइन 1933 पर देने की अपील की गई। प्रभारी निरीक्षक यातायात हयात सिंह ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी देते हुए यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *