
अल्मोड़ा-दिनांक 21 मई को अपर पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा हरबन्स सिंह द्वारा क्षेत्र भ्रमण के दौरान रिची से लगभग 2 किलोमीटर भतरौजखान की ओर जंगल पर आग देखी गई, जो लगातार तेजी से फैल रही थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक म द्वारा अपने हमराही हेड कांस्टेबल दीपक पांडे एवं कांस्टेबल अभिजीत टम्टा के साथ मिलकर हरे पत्तेदार पेड़ों की टहनियों से आग को पीट-पीटकर बुझाने का कार्य किया। साथ ही जंगल में फैली सूखी पत्तियों एवं ज्वलनशील सामग्री को एकत्रित कर हटाया गया। इस संबंध में संबंधित फायर स्टेशन को अवगत कराया गया।अल्मोड़ा पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि जंगलों में आग लगने की किसी भी सूचना की जानकारी तत्काल प्रशासन,पुलिस अथवा फायर सर्विस को दें तथा वनाग्नि रोकथाम में सहयोग करें।साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर जंगलों में आग लगाते अथवा इस प्रकार की लापरवाही करते हुए पाया गया, तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

