
अल्मोड़ा-युवा पीढ़ी को आपातकालीन चिकित्सा परिस्थितियों के प्रति जागरूक करने और उनमें नागरिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से आज स्प्रिंग डेल्स स्कूल अल्मोड़ा में एक दिवसीय प्राथमिक चिकित्सा सीपीआर और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यशाला का शानदार आयोजन किया गया। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी अल्मोड़ा के सहयोग से आयोजित इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में कक्षा 6 से 12 तक के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10 बजे मुख्य अतिथि और प्रख्यात चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ जे सी दुर्गापाल के आगमन के साथ हुआ।उनके साथ रेड क्रॉस सोसाइटी अल्मोड़ा के जिला अध्यक्ष आशीष वर्मा एवं स्वास्थ्य प्रेरकों (मोटीवेटर्स) की एक पूरी टीम विद्यालय परिसर में मौजूद रही।मुख्य अतिथि डॉ जे सी दुर्गापाल ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि प्राथमिक चिकित्सा और आपातकालीन प्रबंधन केवल डॉक्टरों तक सीमित नहीं होना चाहिए बल्कि यह हर नागरिक के लिए एक अनिवार्य जीवन कौशल है।उन्होंने डमी और उपकरणों के माध्यम से छात्रों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। डॉ दुर्गापाल ने कार्डियोपल्मोनरी रिससिलेशन,सांस रुकने या दम घुटने पर किए जाने वाले उपायों,गंभीर चोटों व फ्रैक्चर को संभालने तथा अस्पताल पहुँचने से पहले मरीज की स्थिति को स्थिर रखने की बारीकियों को बेहद सरल तरीके से समझाया।रेड क्रॉस अल्मोड़ा के अध्यक्ष आशीष वर्मा ने विद्यार्थियों को मानवता और निस्वार्थ सेवा के मूल सिद्धांतों से परिचित कराया।उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पहाड़ी क्षेत्रों में आपदा या दुर्घटनाओं के समय युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है,क्योंकि वे प्राथमिक उत्तरदाता बनकर किसी की जान बचा सकते हैं। इसके साथ ही रेड क्रॉस से आए स्वास्थ्य प्रेरकों ने किशोरों के शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता और आधुनिक जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से बचाव के लिए विशेष सत्र आयोजित किए।कार्यशाला की सफलता पर विद्यालय प्रशासन ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि स्प्रिंग डेल्स स्कूल हमेशा से रटने की बजाय प्रयोगात्मक और व्यावहारिक शिक्षा को प्राथमिकता देता रहा है।छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना और संकट के समय बिना डरे सही निर्णय लेने का आत्मविश्वास जगाना ही ऐसी कार्यशालाओं का मुख्य उद्देश्य है।कार्यक्रम के अंत में एक प्रश्नोत्तर सत्र भी रखा गया जहाँ छात्रों ने स्वास्थ्य और प्राथमिक चिकित्सा से जुड़े अपने संशयों को डॉक्टरों के सामने रखा और उनके समाधान जाने।विद्यालय नेतृत्व ने डॉ जे सी दुर्गापाल, आशीष वर्मा और पूरी रेड क्रॉस टीम का इस बहुमूल्य एवं जनहितैषी योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।




