अल्मोड़ा-चंद्रशेखर घोडके,/ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा के निर्देशों पर ऑपरेशन प्रहार अभियान एवं पर्यटन सीजन के दृष्टिगत जनपद पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अभियान के तहत चौपहिया वाहनों में काली फिल्म लगाने, दोपहिया वाहनों में रेट्रो साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने तथा यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।दिनांक 17.05.2026 को अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन एवं सीओ अल्मोड़ा/यातायात बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण में जनपद के समस्त थाना, चौकी एवं यातायात प्रभारियों द्वारा अपनी-अपनी पुलिस टीमों के साथ विभिन्न स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा आमजन की सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु संदिग्ध एवं नियम उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की व्यापक जांच की गई।चेकिंग के दौरान थानाध्यक्ष भतरौजखान अवनीश कुमार एवं थानाध्यक्ष धौलछीना सुनील सिंह बिष्ट द्वारा पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए 2 कारों में लगी काली फिल्म को मौके पर हटवाया गया तथा संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत चालानी कार्रवाई की गई व थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह द्वारा थाना क्षेत्र में खतरनाक ढ़ग से रैश ड्राईविंग करते हुए वाहन को सीज किया गया।जबकि प्रभारी चौकी धारानौला आनन्द बल्लभ कश्मीरा द्वारा बाजार क्षेत्र में चेकिंग के दौरान 06 बुलेट मोटरसाइकिलों में रेट्रो साइलेंसर लगे पाए गए। इसके अतिरिक्त चौकी प्रभारी मासी सतेन्द्र यादव द्वारा 1 अन्य मोटरसाइकिल में भी रेट्रो साइलेंसर पाया गया। इन मोटरसाइकिलों से अत्यधिक तेज ध्वनि उत्पन्न होने के कारण आमजन को असुविधा होने के साथ सार्वजनिक शांति व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।पुलिस टीम द्वारा सभी रेट्रो साइलेंसर लगी मोटरसाइकिलों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई करते हुए कुल 07 मोटरसाइकिलों को सीज किया गया।साथ ही वाहन चालकों को भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी दी गई।इसके अतिरिक्त जनपद के समस्त कोतवाली,थाना एवं यातायात प्रभारियों द्वारा चलाए गए संयुक्त चेकिंग अभियान के दौरान कुल 186 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत चालानी कार्रवाई की गई तथा 05 अन्य वाहनों को सीज किया गया। साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने हेतु सख्त हिदायत दी गई तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया।


