अल्मोड़ा-सोबन सिंह जीना राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान में पेलिएटिव केयर सेवाओं के सुदृढ़ीकरण एवं गुणवत्ता संवर्धन के उद्देश्य से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान की विशेषज्ञ टीम ने संस्थान का भ्रमण एवं निरीक्षण किया।इस दौरान AIIMS नई दिल्ली से आए विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. वरुण शेखर एवं डॉ. सूरजपाल ने संस्थान में संचालित पेलिएटिव केयर सेवाओं का विस्तृत जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान विशेषज्ञ टीम ने संस्थान में उपलब्ध संसाधनों,रोगियों को दी जा रही सुविधाओं तथा उपचार व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया।निरीक्षण उपरांत टीम ने संस्थान में दी जा रही पेलिएटिव केयर सेवाओं को संतोषजनक बताते हुए रोगी हित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।इस अवसर पर प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. उर्मिला पलड़िया उपस्थित रहीं। वहीं एनेस्थीसिया विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. आदित्य चौहान,असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. करणजोत,डॉ. उमंग शर्मा, डॉ. सायमा खान तथा डॉ. आशीष सिंह भी मौजूद रहे।भ्रमण के दौरान AIIMS नई दिल्ली की टीम एवं संस्थान के चिकित्सकों के बीच विस्तृत चर्चा आयोजित की गई। इसमें पेलिएटिव केयर सेवाओं को भविष्य में और अधिक प्रभावी, सुलभ एवं उन्नत बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही रोगियों एवं उनके परिजनों को बेहतर सहयोग उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक तकनीकी और प्रशिक्षण संबंधी सहयोग पर भी चर्चा हुई।निरीक्षण पूर्ण होने के बाद संस्थान के प्रिंसिपल डॉ. चंद्रप्रकाश भैंसोड़ा ने AIIMS नई दिल्ली से आए विशेषज्ञों एवं संस्थान की टीम को बधाई देते हुए इस पहल को क्षेत्रीय स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सहयोगात्मक प्रयासों से पेलिएटिव केयर सेवाओं को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाया जा सकेगा।उल्लेखनीय है कि संस्थान की टीम पूर्व में AIIMS नई दिल्ली एवं नोडल सेंटर HIMS में आयोजित पेलिएटिव केयर प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सफलतापूर्वक सहभागिता कर चुकी है। यह भ्रमण पेलिएटिव केयर सेवाओं को और अधिक मजबूत एवं जनोन्मुखी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


