अल्मोड़ा-उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय पंचम, अल्मोड़ा एवं शैल एनटीडी शाखा के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को “यूजीबी प्रतिभा सम्मान 2025” कार्यक्रम का आयोजन विवेकानंद इंटर कॉलेज, अल्मोड़ा में किया गया। कार्यक्रम में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।कार्यक्रम में उत्तराखंड ग्रामीण बैंक शैल एनटीडी शाखा के शाखा प्रबंधक तेज कृष्ण सिंह, क्षेत्रीय कार्यालय पंचम अल्मोड़ा की वित्तीय समावेश प्रमुख सुश्री कंचन चौहान तथा विपणन अधिकारी अंशु नाथ ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम प्रधानाचार्य आलम सिंह उनियाल की उपस्थिति में संपन्न हुआ।इस अवसर पर कक्षा 12वीं के छह मेधावी छात्र-छात्राओं तथा कक्षा 10वीं के चार मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। बैंक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।कार्यक्रम के दौरान छात्रों एवं अभिभावकों को उत्तराखंड ग्रामीण बैंक द्वारा संचालित विभिन्न बैंकिंग सुविधाओं और योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें विशेष रूप से शिक्षा ऋण योजनाएं, डिजिटल बैंकिंग सेवाएं, ऑनलाइन लेनदेन की सुविधाएं तथा बैंक के व्यापक नेटवर्क और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच के बारे में जानकारी साझा की गई।अधिकारियों ने बताया कि बैंक का उद्देश्य केवल वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों और अभिभावकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना भी है। कार्यक्रम में बैंक और विद्यालय परिवार के बीच सकारात्मक संवाद हुआ तथा भविष्य में विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षणिक सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।विद्यालय प्रशासन ने उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाते हैं। कार्यक्रम का समापन छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देने के साथ हुआ।

