अल्मोड़ा-उत्तराखंड सरकार की प्रमुख फ्लैगशिप योजना मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के अंतर्गत जनपद अल्मोड़ा के युवाओं को जर्मनी में रोजगार हेतु तैयार करने के उद्देश्य से जर्मन भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया जा रहा है।इस पहल का उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्र के युवाओं को वैदेशिक रोजगार के लिए प्रशिक्षित कर बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध कराना है।इसी क्रम में 13 मई को एक ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया,जिसमें कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग की उप निदेशक श्रीमती चंद्रकांता,भारत सरकार के विदेश मंत्रालय में वैदेशिक सेवा हेतु पंजीकृत संस्था बॉर्डर प्लस के प्रतिनिधि नवदीप मिश्रा सहित 30 से अधिक अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया।कार्यक्रम के दौरान बॉर्डर प्लस संस्था के प्रतिनिधि नवदीप मिश्रा ने जर्मन भाषा प्रशिक्षण,जर्मनी में रोजगार एवं प्लेसमेंट से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। साथ ही अभ्यर्थियों की विभिन्न जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।उप निदेशक श्रीमती चंद्रकांता ने अभ्यर्थियों को योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि विभाग की ओर से युवाओं को जर्मनी में रोजगार उपलब्ध कराने हेतु हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।इस अवसर पर अजय खंडूड़ी ने भी युवाओं को जर्मनी में रोजगार के लिए प्रेरित करते हुए इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाने का आह्वान किया।सेवायोजन अधिकारी विक्रम ने जानकारी देते हुए बताया कि जर्मनी में नर्सिंग पदों हेतु केवल बीएससी नर्सिंग एवं जीएनएम उत्तीर्ण अभ्यर्थी ही पात्र होंगे। प्रशिक्षण की अवधि लगभग 7 से 8 माह निर्धारित की गई है। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों को जर्मनी में लगभग ढाई लाख रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलने की संभावना है।यह पूरा प्रशिक्षण कार्यक्रम पूर्णतः निःशुल्क संचालित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जर्मन भाषा प्रशिक्षण हेतु प्रवेश प्रक्रिया कल से प्रारंभ की जाएगी।इसके बाद अभ्यर्थियों का स्क्रीनिंग टेस्ट आयोजित किया जाएगा, जिसकी तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी।इसके अतिरिक्त जनपद अल्मोड़ा में जल्द ही जापानी भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शुरू किया जाएगा,जिसमें 12वीं उत्तीर्ण एवं एएनएम अभ्यर्थी पात्र होंगे।

