अल्मोड़ा-भारतीय जनसंघ के प्रथम विधायक एवं उत्तर प्रदेश विधान मंडल दल के उपनेता रहे स्वर्गीय गोविंद सिंह बिष्ट की 107वीं जयंती के अवसर पर उनके आवास पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर भाजपा नेता राजीव गुरुरानी एवं धर्मेंद्र बिष्ट ने उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर दीप प्रज्वलित किया तथा उनके परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजीव गुरुरानी ने कहा कि स्वर्गीय गोविंद सिंह बिष्ट उत्तराखंड की राजनीति के ऐसे प्रेरणास्रोत व्यक्तित्व थे, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी जनसंघ की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि आपातकाल से पूर्व हुए चुनाव में गोविंद सिंह बिष्ट ने जनसंघ का परचम लहराकर इतिहास रचा था। उस दौर में वह उत्तराखंड एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र से जनसंघ के एकमात्र विधायक बने और उनकी राजनीतिक क्षमता को देखते हुए उन्हें उत्तर प्रदेश विधान मंडल दल का उपनेता नियुक्त किया गया। गुरुरानी ने कहा कि उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, संगठन निर्माण और जनहित के कार्यों को समर्पित रहा, जो आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।इस अवसर पर भाजपा नेता धर्मेंद्र बिष्ट ने कहा कि स्वर्गीय गोविंद सिंह बिष्ट ने आजीवन अविवाहित रहकर समाज सेवा और स्वच्छ राजनीति को अपना ध्येय बनाया। उन्होंने अपनी पुश्तैनी भूमि भूमिहीन काश्तकारों को हस्तांतरित कर समाज के प्रति अपनी संवेदनशीलता और समर्पण का परिचय दिया। धर्मेंद्र बिष्ट ने कहा कि जनसंघ से लेकर भाजपा तक संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने विभिन्न जनआंदोलनों में सक्रिय भागीदारी निभाई तथा चार बार जेल यात्रा भी की। भाजपा जिलाध्यक्ष के रूप में भी उन्होंने संगठन को नई दिशा देने का कार्य किया। एक अधिवक्ता के रूप में उन्होंने गरीब एवं असहाय लोगों के अनेक मामलों को नि:स्वार्थ भाव से लड़ा और जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा में भी आर्थिक सहयोग प्रदान किया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय गोविंद सिंह बिष्ट का जीवन सादगी, संघर्ष, सेवा और समर्पण का अद्भुत उदाहरण था।कार्यक्रम में उनके परिजन एन.पी.एस. नेगी, पुष्कर नेगी, देवेंद्र नेगी, कृष्णा तिलारा, कमलेश सनवाल, हरीश जीना, इंदर नेगी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *