अल्मोड़ा-जनपद में विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर आयोजित एक गरिमामयी कार्यक्रम में समाज सेवा और मानवता के प्रति समर्पण की एक अनुपम झलक देखने को मिली।स्प्रिंग डेल्स स्कूल के युवा शिक्षक विपुल कार्की ने स्वेच्छा से रक्तदान कर न केवल जीवन बचाने का संकल्प लिया,बल्कि समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण भी प्रस्तुत किया।भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी जनपद अल्मोड़ा द्वारा आयोजित इस समारोह में विपुल कार्की को उनके इस सराहनीय कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर रेड क्रॉस के अध्यक्ष आशीष वर्मा,उपाध्यक्ष भैरव गोस्वामी,राज्य प्रतिनिधि मनोज सनवाल,सचिव विनीत बिष्ट,कोषाध्यक्ष दीप जोशी, हरीश कनवाल, अर्जुन बिष्ट ने संयुक्त रूप से विपुल के जज्बे की सराहना की।पदाधिकारियों ने कहा कि युवा पीढ़ी में रक्तदान के प्रति ऐसी जागरूकता समाज के लिए सुखद संकेत है।
कार्यक्रम में शहर की कई प्रतिष्ठित विभूतियों ने शिरकत की।महापौर अजय वर्मा और पूर्व चेयरमैन प्रकाश जोशी ने विपुल कार्की के प्रयासों को सराहते हुए उन्हें युवाओं का असली हीरो बताया।कार्यक्रम में बी.एस. मनकोटी,डॉ जे सी दुर्गापाल और आनंद बगड़वाल जैसे वरिष्ठ प्रबुद्धजनों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और युवाओं को सामाजिक कार्यों से जुड़ने का आह्वान किया।रेड क्रॉस के सक्रिय सदस्य यूथ अध्यक्ष रेडक्रॉस अमित साह मोनू और संदीप नयाल ने कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और विपुल के निरंतर सेवा कार्यों की प्रशंसा की।30 वर्षीय विपुल कार्की स्प्रिंग डेल्स स्कूल में भौतिक विज्ञान के शिक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने के साथ-साथ विपुल अल्मोड़ा में एंटी-ड्रग्स प्रोग्राम के एक सशक्त स्तंभ बन चुके हैं।वे लगातार युवाओं को नशे के चंगुल से बचाने के लिए ‘नो टू ड्रग्स’ अभियान चला रहे हैं। उनके इसी बहुआयामी व्यक्तित्व के कारण आज उन्हें अल्मोड़ा के युवाओं के बीच एक ‘रोल मॉडल’ के रूप में देखा जाता है।सम्मान ग्रहण करने के बाद विपुल कार्की ने कहा कि एक शिक्षक होने के नाते उनका कर्तव्य केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को सही दिशा देना भी है। रक्तदान महादान है और नशे से दूरी ही जीवन की असली जीत है।विपुल की इस उपलब्धि पर स्कूल प्रबंधन और स्थानीय जनता ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

