अल्मोड़ा-मां अंम्बे इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज प्रबंधक और एक पत्रकार के बीच हुए विवाद का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है।संस्थान के अध्यक्ष संदीप सिंह यदुवंशी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नाम दिए ज्ञापन के बाद जारी एक बयान में पूरे प्रकरण को झूठी शिकायत बताते हुए इसे संस्थान को बदनाम करने की साजिश करार दिया है। साथ ही मीडिया और प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।यदुवंशी ने कहा कि बीते दिनों उन्हें अल्मोड़ा कोतवाली से एक विवाद के संबंध में बुलाया गया था। शाम को कोतवाली में दोनों पक्षों के बीच पुलिस की मौजूदगी में बातचीत हुई। जिसमें आपसी सहमति से विवाद समाप्त करने और राजीनामा करने का निर्णय लिया गया। बताया कि पुलिस के सुझाव पर अफवाहों को रोकने के लिए दोनों पक्षों ने एक संयुक्त वीडियो भी रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया गया। उन्होंने दावा किया कि यह पूरी प्रक्रिया बिना किसी दबाव के हुई और घटनाक्रम विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड है। हालांकि, बाद में दूसरे पक्ष द्वारा वीडियो हटाने का अनुरोध किया गया, जिसे उन्होंने मान लिया। कहा कि इन सबके बावजूद उनके खिलाफ धमकी और जबरन वीडियो बनवाने की शिकायत दर्ज कराई गई। जिसे उन्होंने पूरी तरह निराधार बताया। आरोप लगाया कि कुछ लोग भ्रामक जानकारी फैलाकर उनकी छवि और संस्थान की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *