अल्मोड़ा-कांग्रेस नगर महामंत्री संगठन वैभव पांडे ने नगर एवं विधानसभा क्षेत्र की बदहाल सड़कों को लेकर लोक निर्माण विभाग पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि विगत दिनों जेल रोड में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा धरना-प्रदर्शन कर सड़कों की जर्जर स्थिति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया था, लेकिन विभाग द्वारा स्थायी समाधान करने के बजाय केवल खानापूर्ति की जा रही है।वैभव पांडे ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के बाद लोक निर्माण विभाग ने आनन-फानन में कई स्थानों पर पेचिंग वर्क कर स्थिति सुधारने का प्रयास दिखाया, जबकि वास्तविकता यह है कि केवल गड्ढों को भरकर औपचारिकता निभाई गई है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अस्थायी उपायों से आम जनता को कोई वास्तविक राहत मिलने वाली नहीं है।उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि कांग्रेस हमेशा जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाती रही है और इस बार भी अल्मोड़ा विधानसभा क्षेत्र की सभी प्रमुख सड़कों पर हॉट मिक्स तकनीक से गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी सड़क निर्माण कार्य कराने की मांग कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि विभाग केवल टल्ले लगाकर सड़कों की मरम्मत करने का प्रयास करेगा, तो कांग्रेस इसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं करेगी।वैभव पांडे ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द सड़कों की स्थिति में सुधार नहीं हुआ और स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कार्य शुरू नहीं किया गया, तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी। उन्होंने कहा कि खराब सड़कों के कारण आम जनता, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों एवं वाहन चालकों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है।कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की है कि जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि लोगों को सुरक्षित एवं बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध हो सके।
