अल्मोड़ा-सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में शास्त्रीय संगीत की परंपरा को पुनर्जीवित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत आगामी 8 एवं 9 मई को ऐतिहासिक मल्ला महल में दो दिवसीय संगीत समारोह नादब्रह्म का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य अल्मोड़ा में धीरे-धीरे विलुप्त हो रही शास्त्रीय संगीत की समृद्ध विरासत को पुनः जीवंत करना है।कार्यक्रम का आयोजन बक्शी खोला निवासी गौरव मिश्रा द्वारा किया जा रहा है, जिन्होंने जिले की संगीत परंपरा को नई ऊर्जा देने का बीड़ा उठाया है। समारोह में देश के ख्यातिप्राप्त कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। ध्रुपद गायकी के लिए प्रसिद्ध डागर घराने के पंडित अमित प्रसाद पाठक तथा बनारस घराने से जुड़े तबला वादक पंडित अंश हातिया इस आयोजन के प्रमुख आकर्षण होंगे। इसके अलावा स्थानीय स्तर के प्रतिष्ठित कलाकार भी मंच पर अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।दो दिवसीय इस आयोजन में पहले दिन विशुद्ध शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुतियां होंगी, जबकि दूसरे दिन सुगम संगीत के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जिससे हर वर्ग के श्रोता संगीत का आनंद ले सकेंगे।कार्यक्रम का मुख्य आयोजनकर्ता श्री रामशिला विराजमान को माना गया है, जबकि मुख्य श्रोता के रूप में श्री बद्रेश्वर महादेव की प्रतीकात्मक उपस्थिति रहेगी। यह आयोजन अल्मोड़ा के प्रसिद्ध ध्रुपद गायक पंडित चंद्रशेखर पंत एवं स्वर रत्न पंडित तारा प्रसाद पांडे की स्मृति को समर्पित रहेगा।आयोजनकर्ता गौरव मिश्रा ने अल्मोड़ा जनपद की संगीत प्रेमी जनता से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस सांगीतिक आयोजन का हिस्सा बनें और संगीत की अमृतधारा का रसास्वादन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *