अल्मोड़ा-डुबकियां वार्ड में पिछले कई दिनों से पेयजल लाइन में लीकेज होने के कारण पानी सड़क पर बह रहा था, जिससे स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।लगातार पानी बहने से सड़क पर कीचड़ फैल गया था और राहगीरों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही थी।क्षेत्रवासियों ने इस समस्या को लेकर कई बार चिंता जताई थी।समस्या की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पार्षद अंजू बिष्ट ने तुरंत संज्ञान लिया और जल संस्थान के अधिशाषी अभियंता से वार्ता कर जल्द से जल्द पेयजल लाइन को दुरुस्त करने की मांग की।पार्षद की पहल के बाद जल संस्थान हरकत में आया और सहायक अभियंता के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची।मौके पर निरीक्षण के बाद टीम ने क्षतिग्रस्त पाइपलाइन के हिस्से को बदलने का कार्य शुरू किया।कर्मचारियों ने कड़ी मेहनत के बाद लीकेज वाले हिस्से को हटाकर नई पाइपलाइन लगाई,जिससे समस्या का समाधान हो सका। लाइन ठीक होने के बाद पानी का बहाव रुक गया और क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली।स्थानीय लोगों ने पार्षद अंजू बिष्ट की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि उनकी तत्परता के चलते समय रहते समस्या का समाधान हो पाया। उन्होंने जल संस्थान से भी भविष्य में ऐसी समस्याओं के प्रति सजग रहने की अपील की है,ताकि आमजन को असुविधा का सामना न करना पड़े।पार्षद अंजू बिष्ट ने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की जनसमस्या को लेकर वे हमेशा तत्पर हैं।उन्होंने जल संस्थान से आग्रह किया कि नियमित निरीक्षण कर इस प्रकार की लीकेज की घटनाओं को रोका जाए जिससे पानी की बर्बादी भी न हो और जनता को परेशानी से बचाया जा सके। इस अवसर पर जल संस्थान के सहायक अभियंता अर्जुन नेगी,ठेकेदार,पार्षद अंजू बिष्ट, स्थानीय निवासियों में अधिवक्ता दीपांशु पांडे,राकेश बिष्ट, जीवन चंद पांडे,पवन बिष्ट आदि लोग मौजूद रहे।
