अल्मोड़ा-अल्मोड़ा में सड़कों की खराब स्थिति को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा।आज कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जेल रोड में दरी बिछाकर धरना प्रदर्शन किया और अनोखे विरोध के तहत सड़कों के गड्ढों में पौधे रोपकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लंबे समय से शहर की सड़कों की हालत जर्जर बनी हुई है,जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।बरसात के मौसम में गड्ढों में पानी भरने से दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाता है लेकिन संबंधित विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।कांग्रेस नेताओं ने लोक निर्माण विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार शिकायतों के बावजूद सड़कों की मरम्मत नहीं की गई। उन्होंने विभाग को दो सप्ताह के भीतर सड़कों को दुरुस्त करने का अल्टीमेटम दिया।साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि निर्धारित समय सीमा में सड़कों की स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो कांग्रेस कार्यकर्ता लोक निर्माण विभाग कार्यालय का घेराव करेंगे और उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि लंबे समय से अल्मोड़ा विधानसभा की सड़के बदहाल स्थिति में है और संबंधित विभाग सड़कों को दुरुस्त करने के बजाय केवल कोरे आश्वासन जनता को दे रहा है।महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद जोशी ने कहा कि विभाग की उदासीनता के कारण जनता को खासा कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है जो अब बर्दाश्त योग्य नहीं है। उन्होंने कहा कि दो सप्ताह का अल्टीमेटम लोक निर्माण विभाग को दिया गया है। यदि इस बीच समस्त सड़कों में हॉट मिक्स का कार्य प्रारंभ नहीं हुआ तो विभाग के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ता मोर्चा खोलने के लिए मजबूर होंगे।नगर महामंत्री संगठन वैभव पांडे ने कहा कि लोक निर्माण विभाग के जिम्मेदार अधिकारी एक तरफ कहते हैं कि कर्बला से लक्ष्मेश्वर तक सड़क में हॉट मिक्स के टेंडर कर दिए गए हैं वहीं इसके विपरीत इस सड़क में गड्ढों में टल्ले लगाने का कार्य किया जा रहा है जो समझ से परे है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि खस्ताहाल हो चुकी जेल रोड की तरफ लोक निर्माण विभाग का ध्यान तक नहीं जा रहा है जिस कारण जनता परेशान है।उन्होंने कहा कि शायद विभाग की यह आदत बन चुकी है कि जब तक इन समस्याओं को सड़कों पर नहीं उठाया जाएगा विभाग के कान में जूं तक नहीं रेंगेगी।उन्होंने कहा कि जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए आज महानगर कांग्रेस ने शांतिपूर्ण ढंग से यह प्रदर्शन किया है। लेकिन यदि इसके बाद भी विभाग की नींद नहीं खुली और अल्मोड़ा की सभी सड़कों को हॉट मिक्स करने का कार्य प्रारंभ नहीं हुआ तो विभाग के खिलाफ चरणबद्ध तरीके से एक वृहद आंदोलन किया जाएगा जिसकी समस्त जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग की होगी। प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र भोज, महानगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, नगर महामंत्री संगठन वैभव पांडे, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष सुशील साह, पूर्व दर्जा मंत्री पूरन रौतेला,पार्षद गुंजन चम्याल, पार्षद मुकेश कुमार डैनी, पार्षद विकास कुमार,पार्षद दीपक कुमार, पार्षद अनूप साह,दीप डांगी, परितोष जोशी,जिला महासचिव गीता मेहरा,संजय दुर्गापाल, टीटू पंत,भैरव गोस्वामी, मुकेश नेगी, मदन डांगी,विनोद वैष्णव सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *