अल्मोड़ा-अल्मोड़ा रोडवेज स्टेशन में सोमवार को एक बस में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि चालक और परिचालक की सतर्कता से सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया और समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। घटना सोमवार दोपहर करीब पौने एक बजे की है, जब बरेली से यात्रियों को लेकर बागेश्वर डिपो की रोडवेज बस यूके 07 पी 4216 अल्मोड़ा पहुंची थी। बस जैसे ही अल्मोड़ा स्टेशन से बागेश्वर के लिए रवाना हुई, इंजन से अचानक धुआं उठने लगा। धुआं निकलते ही बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। उस समय बस में कुल दस यात्री सवार थे, जिन्हें आनन-फानन में नीचे उतारा गया। चालक और परिचालक ने तत्काल अग्निशमन यंत्र का इस्तेमाल कर आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों की मदद से स्थिति को संभाल लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग बुझने के बाद यात्रियों और परिवहन विभाग ने राहत की सांस ली।
