अल्मोडा़-युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष निर्मल रावत ने आज अल्मोड़ा में प्रेस वार्ता कर प्रदेश भर में बढ़ती बेरोजगारी को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री को निशाने पर लेते हुए कहा कि प्रदेश में रिकॉर्ड तोड़ बेरोजगारी बढ़ चुकी है,जिसके लिए स्पष्ट तौर पर बीजेपी सरकार जिम्मेदार है।उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा वर्ग मानसिक दबाव एवम् अवसाद में है जिस पर प्रदेश सरकार का कोई ध्यान नहीं है। ऐसे में प्रदेश भर में युवा कांग्रेस ( पूछता है उत्तराखण्ड ) मुहिम चलाकर बेरोजगारी पर सवाल पूछने का कार्य कर रही है।जिसका जवाब प्रदेश की सरकार को देना होगा।युवा कांग्रेस प्रदेश भर में यह अभियान चलाएगी।जिसके लिए प्रदेश की सभी विधानसभाओं में यह मुहिम चलेगी और बीजेपी से सवाल पूछे जायेंगें।जिलाध्यक्ष निर्मल रावत ने अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज के संचालन ना हो पाने पर बीजेपी को आड़े हाथों लिया और कहा कि बीजेपी की डबल इंजन की सरकार भी मेडिकल कॉलेज संचालित नहीं करवा पा रही है।उन्होंने कहा कि प्रदेश में फार्मासिस्ट भर्ती हुए सालों हो चुके हैं पर अभी तक दुबारा इनकी भर्ती आयोजित नहीं की गई है।सालों से फार्मासिस्ट भर्ती के इंतजार में अपनी उम्र की सीमा पार कर चुके हैं जिसकी तरफ सरकार का कोई ध्यान नहीं है।श्री रावत ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं की प्रामाणिकता पर आए दिन सवाल उठते हैं,कोई भी परीक्षा विश्वसनीय नहीं बची है,ऐसे में सरकार का कठोर जांच ना करवा पाना उसकी मंशा पर सवाल पैदा करता है।श्री रावत ने कहा कि बीजेपी के नेताओं द्वारा अपने बच्चों और रिश्तेदारों के लिए पद ढूंढ लिए जातें हैं पर उत्तराखण्ड के असल बेरोजगार युवाओं के लिए कोई नई नौकरियां निकाले जाने से इंकार करते हैं।जिलाध्यक्ष निर्मल रावत ने कहा कि 2022 में युवाओं की यही अनदेखी सरकार को भारी पड़ेगी और उसकी विदाई का रास्ता भी युवा बेरोजगार ही तय करेंगे।प्रेस वार्ता में युवा कांग्रेस अल्मोड़ा विधानसभा अध्यक्ष धीरज गैलाकोटी,सोमेश्वर विधानसभा अध्यक्ष दिनेश नेगी,जागेश्वर विधानसभा अध्यक्ष ललित सतवाल,जिला महासचिव संजीव कर्मयाल,सुनील सिंह,विधानसभा महासचिव संजीव कर्मयाल मौजूद रहे।
