अल्मोड़ा-आज दिनांक 31 अगस्त को व्यापार मंडल द्वारा एक प्रेस वार्ता का आयोजन दीप चंद्र सभागार में किया गया जिसमें वर्तमान समय में नंदा देवी मेले को लेकर के जो आरोप व्यापार मंडल पर मेला समिति द्वारा लगाए गए हैं उस पर व्यापार मंडल ने अपनी प्रतिक्रिया और जबरदस्त प्रहार नंदा देवी मेला समिति पर किए हैं।इस अवसर पर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुशील शाह ने कहा कि एडम्स विद्यालय द्वारा मेले के लिए अपने मैदान की अनुमति नहीं दी गई जिससे नंदा देवी मेला समिति बौखला गई है और अनर्गल आरोप व्यापार मंडल पर लगा रही है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों का हित व्यापार मंडल के लिए सर्वोच्च है और किसी भी मूल्य पर स्थानीय व्यापारियों की बेहतरी के लिए हर ठोस कदम उठाए जाएंगे और विद्यालयों की भूमि का व्यवसायी करण बिलकुल बर्दाश्त नही किया जाएगा।इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मां नंदा देवी अल्मोड़ा की अधिष्ठात्री देवी हैं और हमारी पहचान है।व्यापार मंडल उन पर श्रद्धा प्रकट करता है।यह मेला पीढ़ी दर पीढ़ी से मंदिर परिसर में चलता आ रहा है और चलता रहेगा।इसका एडम्स विद्यालय से कोई भी ऐतिहासिक संबंध नहीं है। मंदिर भूमि पर निर्माण कार्य के समय कुछ समय के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए विद्यालय द्वारा भूमि दी गई थी जिस पर एक बड़ी आमदनी के स्रोत को देखते हुए यह हटने के लिए तैयार नहीं,यह किसी भी हद तक लड़ाई,झगड़ा,धमकाने के लिए भी तैयार है बच्चो की शिक्षा,सुरक्षा और भविष्य से इन्हे कोई मतलब नहीं
और उन्होंने यह सलाह भी दी कि नंदा देवी मेले को भव्य बनाने के लिए ओल्ड कलेक्ट्रेट मल्ला महल का उपयोग किया जाना चाहिए।वह नगर के मध्य में भी है और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए उपयुक्त भी है और कहा कि 1670 में मां नंदा देवी मैय्या को यही विराजमान किया गया था।इस अवसर पर व्यापार मंडल के पदाधिकारी नंदा देवी मेला समिति पर बरसे और दो टूक शब्दों में कहा कि उन्हें पिछले वर्षों का हिसाब किताब व्यक्त करना चाहिए तथा नंदा देवी मेला समिति का ऑडिट होना चाहिए क्योंकि वह पैसा जनता का है।आंख बंद करके की जा रही लूट को कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।साथ ही यह भी कहा कि इस मेले को सरकार राज्य स्तरीय मेला घोषित करे इसके लिए भी प्रयत्न किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मन्दिर समिति के पदाधिकारियों द्वारा जो भ्रम फैलाया जा रहा है कि व्यापार मंडल मेले का विरोध कर रहा है वह सरासर झूठ है। व्यापार मंडल सिर्फ सरकारी विद्यालयों में लगने वाले बड़े बड़े बाजारों का विरोध कर रहा है और सरकारी विद्यालयों की भूमि को ठेके में दिए जाने का विरोध करता है और करता रहेगा।महिला नगर उपाध्यक्ष जया साह ने कहा कि व्यापार और शिक्षा हमारा अधिकार है और विद्यालयों में इन आयोजनों से शिक्षा और सुरक्षा को देखते हुए व्यापार मंडल ने विद्यालय प्रशासन से ऐसे आयोजन न करने का निवेदन किया है और यह भी कहा कि महिला हित में जो भी लड़ाई लड़नी होगी वह उसमे सबसे आगे खड़ी होंगी।वही नगर अध्यक्ष अजय वर्मा ने कहा कि छोटी बच्चियां माता रानी का स्वरूप होती हैं और हमें उनके सम्मान की सुरक्षा के लिए जो भी करना पड़े हम करेंगे।उनके सुरक्षा के लिए किया गया कार्य माता की पूजा के समान ही है।संचालन नगर के महामंत्री वकुल साह ने किया और हर आरोप प्रत्यारोप पर एक जुट होकर उसका समाधान करने की बात कही।वही व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि नंदा देवी मेला समिति उपलब्ध संसाधनों में मेला करवाने में असमर्थ है तो उन्हें अपने पदों से इस्तीफा दे देना चाहिए और समाज में ऐसे पर्याप्त लोग हैं जो मेले को दिव्य और भव्य तरीके से निष्पक्ष और पारदर्शिता पूर्ण तरीके से पूरा करने में सक्षम है,अन्य लोगों को भी अवसर अवश्य मिलना चाहिए क्योंकि मां सबकी है और मेला सबका है।आज प्रेस वार्ता में जिला व्यापार मंडल अध्यक्ष सुशील साह,जिला मंत्री भैरव गोस्वामी,संयुक्त महामंत्री दिनेश मठपाल,जिला मंत्री राकेश तिवारी, जिला उपाध्यक्ष पवन साह,नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजय वर्मा, महिला उपाध्यक्ष जया साह,नगर महामंत्री वकुल साह,उपसचिव अश्वनी नेगी,आशीष भारती,कोषाध्यक्ष कुनाल नयाल,मनोज वर्मा कांची,हिमांशु जोशी,राजेंद्र बिष्ट,हरीश बिष्ट,रोहित मेर,देवेंद्र आर्या आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *