मसूरी-मैदानी क्षेत्रों में पड़ रही भीषण गर्मी के बाद पर्यटकों ने पहाड़ों की रानी मसूरी का रुख किया और वीकेंड होने के कारण हजारों की संख्या में पर्यटक मसूरी पहुंचे और यहां के पर्यटक स्थल पर्यटकों से गुलजार हो गए।भारी संख्या में पहुंचे पर्यटकों के आने से जहां व्यवस्थाएं चरमरा गई वहीं लंबा जाम भी लग गया। जिससे पर्यटकों के साथ ही स्थानीय लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।हालांकि पुलिस द्वारा यातायात खोलने का प्रयास किया गया लेकिन उसके बावजूद भी अधिक मात्रा में वाहनों के आने से जगह-जगह जाम की स्थिति बनी रही।पर्यटकों ने जहां माल रोड का आनंद लिया वही मसूरी के मौसम और यहां चल रही सर्द हवाओं का लुत्फ उठाया।भारी संख्या में पर्यटकों के आने से व्यापारियों के चेहरे भी खिल उठे और मसूरी के अधिकांश होटल पैक रहे।केंपटी फॉल, कंपनी गार्डन, गन हिल,धनोल्टी आदि क्षेत्रों में भारी संख्या में पर्यटक पहुंचे और पर्यटक स्थल भी गुलजार रहे। हालांकि माल रोड के सुधारी करण के चलते वाहनों की आवाजाही में काफी परेशानी हुई लेकिन पुलिस और प्रशासन ने व्यवस्था बनाने में भरसक प्रयास किया। उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में पर्यटन सीजन चरम पर होगा और मसूरी के व्यापार में भारी वृद्धि होगी। जिससे पर्यटन में बढ़ावा होगा।साथ ही 22 अप्रैल से शुरू हो रही चार धाम यात्रा को लेकर भी व्यापारी वर्ग में उत्साह देखने को मिल रहा है।
