अल्मोड़ा-अल्मोड़ा में कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की भारी कमी को लेकर प्रांतीय उद्योग जिला व्यापार मंडल, नगर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं होटल व्यवसायियों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। व्यापारियों ने बताया कि वर्तमान में गैस सिलेंडरों की कमी के कारण रेस्टोरेंट और होटल व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं और कई प्रतिष्ठान बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं।व्यापारियों ने यह भी कहा कि इस आपातकालीन स्थिति में खाद्य पूर्ति विभाग द्वारा की जा रही छापेमारी से व्यापारियों में भय और असमंजस का माहौल बन गया है, जिसकी उन्होंने कड़ी निंदा की। उनका कहना था कि इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में व्यापारिक गतिविधियां और अधिक प्रभावित हो रही हैं।व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो अनेक लोगों के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो सकता है। उन्होंने प्रशासन को याद दिलाया कि कोरोना काल जैसी आपदा में भी व्यापारी वर्ग ने शासन-प्रशासन का पूरा सहयोग किया था।इस दौरान व्यापारियों ने मांग रखी कि जब तक कॉमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति सामान्य नहीं हो जाती, तब तक उन्हें वैकल्पिक रूप से घरेलू (डोमेस्टिक) सिलेंडर उपयोग करने की अनुमति दी जाए, बशर्ते उसका उचित रिकॉर्ड उनके पास उपलब्ध हो।मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि आगामी तीन से चार दिनों के भीतर कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में लगभग 50 प्रतिशत तक राहत दी जाएगी। उन्होंने कहा कि समस्या बड़ी है, इसलिए सभी को धैर्य और संयम के साथ काम लेना होगा।बैठक में जिला व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुशील साह, जिला महामंत्री भैरव गोस्वामी, संयुक्त महामंत्री दिनेश मठपाल, जिला संरक्षक संजीव गुप्ता, जिला मंत्री राकेश तिवारी, अशोक गोस्वामी, नगर सचिव वकुल साह, नगर सहसचिव अश्विन नेगी सहित होटल व्यवसायी अजीत कार्की, हरविंदर सिंह, मंजुल मित्तल, गोविंद बिष्ट, कमल तिवारी, मो. अखलाख, राजेश अग्रवाल, विनय वर्मा, राजू बिष्ट, वरुण कपकोटी, मनोज जड़ौत, हिमांशु जोशी, बिलाल खान, नरेंद्र विक्की समेत अनेक व्यापारी उपस्थित रहे।
