अल्मोड़ा-नगर में देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष संजय साह ‘रिक्खू’ पर कथित हमले के बाद व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है। मामले में व्यापारियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। बताया गया कि मंगलवार शाम करीब 7:40 बजे कुछ नशे में धुत युवकों ने संजय साह ‘रिक्खू’ पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद उसी रात करीब आठ बजे नगर अध्यक्ष व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और स्थानीय व्यापारियों के साथ कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इसी मामले को लेकर बुधवार को देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और व्यापारियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही नगर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती और शाम के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग भी की गई। देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष मनोज सिंह पवार ने कहा कि मंदिरों, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर गहन चेकिंग अभियान चलाया जाना चाहिए, क्योंकि इन स्थानों का इस्तेमाल नशा करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नियमित चेकिंग अभियान से लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास भी बढ़ेगा। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष मनोज सिंह पवार, नगर अध्यक्ष संजय साह ‘रिक्खू’, महिला जिला उपाध्यक्ष एवं पार्षद वंदना वर्मा, महिला नगर उपाध्यक्ष मनु गुप्ता, कार्यकारी जिला अध्यक्ष प्रमोद पवार ‘भीमा’, नगर महामंत्री दीप चंद्र जोशी, जिला संगठन मंत्री नीरज थापा ‘बिट्टू’, जिला उपाध्यक्ष हिमांशु बिष्ट, जिला महामंत्री हिमांशु काण्डपाल, जिला संयुक्त महामंत्री कमल बिष्ट सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *