अल्मोड़ा-विगत सायं क्षेत्रीय विधायक,उपाध्यक्ष उत्तराखंड विधानसभा रघुनाथ सिंह चौहान के नेतृत्व में प्राधिकरण हटाओ सर्वदलीय संघर्ष समिति का एक शिष्टमंडल प्रदेश के शहरी विकास मंत्री बंशीधर भगत से मिला।इस अवसर पर रामनगर विधायक दीवान सिंह भी शहरी विकास मंत्री के साथ उपस्थित थे।शिष्टमंडल ने शहरी विकास मंत्री बंशीधर भगत से मांग की कि अल्मोड़ा में विगत साढ़े तीन साल से अधिक समय से प्राधिकरण हटाये जाने के सम्बन्ध में लगातार धरना एवं प्रदर्शन कार्यक्रम चल रहा है।लेकिन सरकार उसे नहीं हटा रही है।जबकि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने अल्मोड़ा में आकर स्पष्ट घोषणा की थी कि प्राधिकरण की वजह से भ्रष्टाचार बढ़ रहा है।इसलिए इसे स्थगित किया जाता है।इससे पूर्व प्रदेश के मंत्री धनसिंह रावत ने सर्किट हाऊस अल्मोड़ा में घोषणा की थी कि जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण अल्मोड़ा तथा पौड़ी के लिए उपयुक्त नहीं है तथा इसे नहीं लगाना चाहिए।शिष्टमंडल ने शहरी विकास मंत्री को अवगत कराया कि प्रदेश में भाजपा के अध्यक्ष पद पर रहते हुए उन्होंने जनभावनाओं का सम्मान करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री को स्वयं ज्ञापन देकर जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण समाप्त करने की मांग की थी।लेकिन प्राधिकरण को अभी तक समाप्त नहीं किया गया है।जिससे मकान बनाने में इच्छुक लोग असमंजस की स्थिति में हैं।इसके अतिरिक्त लोग मनमाने ढंग से मकान बना रहे हैं और कई जगहों पर अतिक्रमण की शिकायतें भी आ रही हैं।शिष्टमंडल ने स्पष्ट मांग की कि जिला विकास प्राधिकरण को समाप्त किया जाए तथा नगरपालिका को पूर्व की भांति मानचित्र स्वीकृति करने का अधिकार दिया जाए।क्षेत्रीय विधायक रघुनाथ सिंह चौहान ने नगरपालिका परिषद् अल्मोड़ा को यह अधिकार सौंपे जाने की वकालत करते हुए कहा कि वर्तमान में भवन निर्माण में काफी दिक्कतें आ रही हैं तथा अनियंत्रित तरीके से भवन निर्माण हो रहे हैं।इस पर शहरी विकास मंत्री ने शहरी विकास सचिव शैलेश बगोली से दूरभाष पर वार्ता कर उनको यह निर्देश दिए कि अल्मोड़ा तथा कोटद्वार में नगरपालिकाओं को ही नगर क्षेत्र में भवन मानचित्र स्वीकृत करने का अधिकार दिया जाए।सर्वदलीय संघर्ष समिति के संयोजक प्रकाश चन्द्र जोशी ने मंत्री का धन्यवाद करते हुए आशा व्यक्त की है कि शीघ्र सम्बन्धित शासनादेश प्राप्त हो जाएगा तदोपरान्त पालिका अपने स्तर से कार्यवाही करेगी।शिष्ट मंडल में विधायक रघुनाथ सिंह चौहान,पालिकाध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी,परिवर्तन पार्टी के केन्द्रीय अध्यक्ष पी०सी०तिवारी,अल्मोड़ा अर्बन कोपरेटिव बैंक के पूर्व अध्यक्ष आनन्द सिंह बगडवाल,उलोवा के पूरन चन्द्र तिवारी,सभाषद हेम चन्द्र तिवारी,सचिन आर्या,कर्मचारी नेता चन्द्रमणि भट्ट, आर्यसमाज के अध्यक्ष दयाकृष्ण काण्डपाल, जिलापंचायत के पूर्व सदस्य घनश्याम गुरूरानी, कांंग्रेस अध्यक्ष पूरन रौतेला आदि शामिल रहे।
