अल्मोड़ा-लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड की कार्य शैली से आक्रोशित कांग्रेस जनों का अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी के नेतृत्व में लोक निर्माण विभाग में अनिश्चितकालीन धरना रात्रि में भी जारी है।आज प्रातः अनिश्चितकालीन धरने का ऐलान करते हुए अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी ने लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खण्ड पर आरोप लगाते हुए कहा था कि अधिशासी अभियंता के द्वारा दस करोड़ तेईस लाख की धनराशि से चौंसली डोबा मोटर मार्ग किलोमीटर दो से वैकल्पिक लिंक मोटर मार्ग का कार्य बिना टेंडर अपने चहेतों को देकर नियम कानून की धज्जियां उड़ा दी गयी है। लोक निर्माण विभाग ने अपने इस कृत्य से भ्रष्टाचार की सारी सीमाएं लांघ दी हैं। उन्होंने कहा कि बिना टेंडर किए नियमों को ताक पर रखकर लोक निर्माण विभाग के द्वारा अपने चहेतों को करोड़ों का यह कार्य देना स्पष्ट करता है कि विभागीय अधिकारी अपने पदों का दुरूपयोग करते हुए अपने लाभ के लिए सरकारी धन की बंदरबांट कर रहे हैं।कल गुरुवार को उनके द्वारा लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खण्ड के कार्यालय में तालाबंदी की चेतावनी भी दी गयी है।साथ ही कहा गया है कि जब तक इस कार्य को रोककर विधिवत रूप से इस कार्य के टेन्डर नहीं कर दिए जाते उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।विदित हो कि विधायक के इस धरने को बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों,व्यापारियों एवं ठेकेदारों का भी समर्थन मिल रहा है।आज दिन में भी भारी संख्या में आमजन एवं कांग्रेस कार्यकर्ता इस धरने में शामिल रहे। रात्रि में भी काफी संख्या में आमजन एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उनके साथ लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खण्ड कार्यालय में धरने में बैठे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *