अल्मोड़ा-आगामी नगर निगम चुनाव के दृष्टिगत अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने आज अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी एवं पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी के नेतृत्व में मकेड़ी एवं चीनाखान में जनसम्पर्क कर पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में सहयोग की अपील की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बांसभीड़ा से जनसम्पर्क प्रारम्भ किया जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ता घर घर लोगों से सम्पर्क करते हुए चीनाखान एवं मकेड़ी तक पहुंचे एवं लोगों से सीधा संवाद करने का कार्य किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घर घर जाकर पूर्व में पालिकाध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी द्वारा नगर में करायें गये विकास कार्यों को भी जनता के बीच रखा। इस अवसर पर कांग्रेस जिला प्रवक्ता निर्मल रावत ने कहा कि दस वर्ष पहले और आज की स्थिति में नगर में जमीन आसमान का अन्तर है।कहा कि आज अल्मोड़ा नगर का अधिकांश क्षेत्र पथ प्रकाश की व्यवस्था से रात्रि में जगमगा रहा है जिससे रात्रि के समय आवागमन में जनता को काफी सरलता हो रही है।साथ ही पिछले समय में नगरपालिका के प्रयासों से ही नगर में पार्किंगों का निर्माण कराया जाना भी सम्भव हो सका जिसका शीघ्र लाभ जनता को मिलेगा। उन्होंने कहा कि नगर के विभिन्न क्षेत्रों में अन्डरग्राउंड डस्टबिन बनाने का कार्य नगरपालिका के द्वारा किया गया।इसके साथ ही पैदल रास्तों के सुधारीकरण, महत्वपूर्ण स्थानों पर रैलिंग लगवाने कार्य जैसी मूलभूत चीजों को नगरपालिका ने अधिकांश जगहों पर प्राथमिकता के साथ किया। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था में सुधार के भी काफी कार्य नगरपालिका के द्वारा किये गये।इसके साथ ही रात्रि में लोगों के रहने के लिए रैन बसेरे की व्यवस्था भी नगरपालिका के द्वारा की गयी। उन्होंने कहा कि बेहद सीमित आर्थिक संसाधनों के बाबजूद भी नगर पालिका ने विगत दस सालों में नगर में अभूतपूर्व कार्य किये। कांग्रेस जिला प्रवक्ता निर्मल रावत ने कहा कि जनसम्पर्क के दौरान वे विगत समय में नगरपालिका परिषद के द्वारा किये गये कार्यों को लेकर जनता के बीच जा रहे हैं तथा जनता के स्नेह को देखकर वे पूरी तरह से आश्वस्त हैं कि आगामी नगर चुनाव में भी कांग्रेस पार्टी को जनता का पूर्ण समर्थन मिलने जा रहा है। जनसम्पर्क कार्यक्रम में विधायक मनोज तिवारी, पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी, पार्टी प्रत्याशी भैरव गोस्वामी,जिला प्रवक्ता निर्मल रावत,पूर्व जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडे, राजेंद्र बिष्ट,विशाल कनवाल,हीरा सिंह बिष्ट, दीपक,मयंक, करण बिष्ट,कार्तिक शाह,शुभम मेहरा, हयात सिंह मेहरा, वीके भट्ट,पूरन गोस्वामी,वीके पांडे, जगदीश पांडे,ललित सतवाल सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।