अल्मोड़ा-शहर के एडम्स स्थित जल संस्थान पंप हाउस के सामने बीती रात तेंदुए की मौजूदगी से हड़कंप मच गया, जब एक खतरनाक घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जानकारी के अनुसार, तेंदुए ने पंप के सामने एक स्ट्रीट डॉग को अपना शिकार बना लिया। यह पूरी घटना आसपास लगे कैमरों में रिकॉर्ड हो गई, जिससे इलाके में भय का माहौल बन गया है।सुबह होते ही स्थानीय लोगों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल क्षेत्रीय पार्षदो देवेश बिष्ट,अमित शाह (मोनू) और अभिषेक जोशी को सूचना दी। सूचना मिलते ही पार्षदों ने सक्रियता दिखाते हुए वन विभाग से संपर्क साधा और स्थिति से अवगत कराया।पार्षदों की पहल पर वन रेंज अल्मोड़ा के रेंजर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम को मौके पर भेजा। शाम के समय वन विभाग की टीम ने पूरे क्षेत्र में गहन गश्त की और तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ट्रैक कैमरा भी स्थापित किया। अधिकारियों का कहना है कि कैमरे में तेंदुए की गतिविधियां रिकॉर्ड होने के बाद उसे पकड़ने के लिए पिंजड़ा लगाने की कार्रवाई की जाएगी।इस दौरान पार्षद अमित शाह (मोनू), देवेश बिष्ट, अभिषेक जोशी, श्याम पांडे, सतेंद्र सिंह नेगी (वन दरोगा) और विवेक तिवारी (वन बीट अधिकारी) सहित कई स्थानीय लोग मौके पर मौजूद रहे। सभी ने मिलकर वन विभाग के साथ स्थिति का जायजा लिया और सुरक्षा के उपायों पर चर्चा की।स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी तेंदुए की हलचल देखी गई है, लेकिन इस तरह की घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर लोग सशंकित हैं। लोगों ने वन विभाग से जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़ने की मांग की है।
वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि रात के समय अकेले बाहर निकलने से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना विभाग को दें। साथ ही, क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।






