अल्मोड़ा-दिल्ली से चौखुटिया की ओर जा रहा एक वाहन शनिवार सुबह मोहान-भतरौंजखान मार्ग के कफलगाड़ी नाले के पास अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। हादसे में वाहन चालक की मौत हो गई और चार यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को रामनगर अस्पताल ले जाया गया। जहां उनका उपचार चल रहा है।मिली जानकारी अनुसार दुर्घटना में घायल हुए सभी चार लोग भैल्टगांव चौखुटिया के निवासी हैं। सभी वर्तमान में दिल्ली में रहते हैं। बताया जा रहा है कि हादसे में घायल पूरन सिंह की माता का शुक्रवार को निधन हो गया था। इस पर पूरन सिंह पुत्र धन सिंह व उनके चचेरे भाई भूपाल सिंह पुत्र राम सिंह, भूपेंद्र सिंह पुत्र जगत सिंह और आनंद सिंह पुत्र पदम सिंह चौखुटिया के कत्यूड़ा निवासी टैक्सी चालक 38 वर्षीय भीम सिंह पुत्र हर सिंह के बोलेरो वाहन से घर लौट रहे थे। शनिवार सुबह करीब चार बजे मोहान-भतरौंजखान मार्ग पर कफलगाड़ी नाले से तीन किमी की दूरी पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। देखते ही देखते वाहन 30 मीटर नीचे गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। अंधेरे में ही पांचों को रेस्क्यू किया गया। चालक भीम सिंह को गंभीर चोट आई हुई थी। पांचों को संयुक्त अस्पताल रामनगर ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने भीम सिंह को मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य चार का उपचार चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *