अल्मोड़ा-बूथ संख्या 127 तल्ला जोशीखोला निकट गणेश मंदिर में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मन की बात कार्यक्रम उत्साहपूर्ण माहौल में सुना गया। कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष रवि रौतेला,जिला मीडिया संयोजक मनीष जोशी (मंटू) तथा व्यापार मंडल अध्यक्ष अजय वर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।मुख्य अतिथि रवि रौतेला ने अपने संबोधन में कहा कि मन की बात केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि समाज को नई दिशा देने वाला प्रेरक माध्यम है।उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि इस संवाद को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाकर जनजागरण को सशक्त बनाया जाए।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने उद्बोधन में देश की प्रगति, युवा शक्ति और सांस्कृतिक मूल्यों पर विस्तृत विचार साझा किए।उन्होंने कहा कि आज भारत तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और इस परिवर्तन में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। स्मार्ट इंडिया हैकथॉन जैसे आयोजनों के माध्यम से देशभर के युवाओं ने 80 से अधिक सरकारी विभागों को नवाचारपूर्ण समाधान प्रदान किए हैं।चाहे वह स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम हो या कृषि क्षेत्र की समस्याएँ।प्रधानमंत्री ने युवाओं से ऐसे प्लेटफॉर्म का हिस्सा बनकर अपने विचारों को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का आग्रह किया।उन्होंने गीतांजलि IISc जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से संगीत,संस्कृत और भारतीय संस्कृति को नए आयाम मिल रहे हैं।उन्होंने पीएम सोलर योजना को भविष्य की ऊर्जा क्रांति बताते हुए अधिकाधिक सौर ऊर्जा अपनाने का संदेश दिया काशी तमिल संगमम, परबती गिरी की जयंती और स्वतंत्रता सेनानियों की गाथाओं को नई पीढ़ी तक पहुँचाने के महत्व पर भी विस्तार से बात की।स्वास्थ्य संबंधी चेतावनी देते हुए प्रधानमंत्री ने एंटीबायोटिक दवाओं के मनमाने उपयोग के खतरों से सावधान किया।उन्होंने महिला सशक्तिकरण की चर्चा करते हुए ऊन,बांस,फूलों की खेती और कुटीर उद्योगों के माध्यम से महिलाओं द्वारा हो रही आर्थिक उन्नति को देश की शक्ति बताया।कच्छ के रण उत्सव में एक महीने में दो लाख से अधिक लोगों की भागीदारी का उल्लेख करते हुए उन्होंने भारत की सांस्कृतिक विविधता की प्रशंसा की।प्रधानमंत्री ने विकसित भारत के संकल्प को दोहराते हुए नए वर्ष पर फिट इंडिया और स्वस्थ जीवन का संदेश देकर उद्बोधन समाप्त किया।अंत में उन्होंने कहा कि हम शीघ्र ही विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ेंगे और हर नागरिक का योगदान इस यात्रा में महत्वपूर्ण है।कार्यक्रम में ठाकुर संदीप यदुवंशी,मयंक रौतेला,शुभम रौतेला,निशा बिष्ट सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *