अल्मोड़ा-शिक्षा के मन्दिर कहे जाने वाले विश्वविद्यालय में सड़कों पर फैला कचरा जहां स्वच्छ भारत अभियान को तो पलीता लगा ही रहा है वहीं दूसरी ओर विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली पर भी प्रश्नचिन्ह लगा रहा है।सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के अल्मोड़ा कैम्पस में सड़क पर कूड़ेदान के पास कूड़े का ढेर लगा हुआ है जो सड़क तक फ़ैल रहा है।लम्बे समय से यही स्थिति बनी हुई है।ऐसा प्रतीत होता है कि विश्वविद्यालय के द्वारा इस कूड़े के निस्तारण की कभी सोची ही नहीं गयी या यूं कहें कि विश्वविद्यालय प्रशासन या कैम्पस प्रशासन इस ओर आंखें मूंदे बैठा है।विश्व पर्यावरण दिवस पर जरूर विश्वविद्यालय में विगत दिन कार्यक्रम आयोजित कराए गये थे लेकिन पर्यावरण के प्रति विश्वविद्यालय प्रशासन कितना जागरूक हैं इसका अंदाजा विश्वविद्यालय में लगे कूड़े के इस ढेर से लगाया जा सकता है।इसके साथ ही यह कूड़ा नगरपालिका की कार्यप्रणाली पर भी प्रश्नचिन्ह लगाता है।क्योंकि नगर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की जिम्मेदारी नगरपालिका की है।