अल्मोड़ा-शनिवार को सोमेश्वर से भाजपा प्रत्याशी रेखा आर्य ने प्रैस वार्ता कर विपक्षी पार्टी के प्रत्याशी राजेन्द्र बाराकोटी पर कई आरोप लगाए।उन्होंने कहा कि वे वर्तमान में सोमेश्वर सीट से भारतीय जनता पार्टी की अधिकृत प्रत्याशी हैं तथा उनके सामने मुख्य विपक्षी दल कांंग्रेस पार्टी से राजेन्द्र लाल बाराकोटी प्रत्याशी हैं।उन्होंने कहा कि चुनाव में मुख्य विपक्षी दल के प्रत्याशी राजेन्द्र लाल जब जनता के सम्मुख अपनी हार स्वीकार कर चुके हैं तो उनके द्वारा अब एक गम्भीर षडयंत्र रचा जा रहा है।उन्होंने कहा कि उन्हें अत्यधिक गोपनीय एवं विश्वस्त सूत्रों से पता चला है कि कांंग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र लाल द्वारा अपने ही लोगों के द्वारा स्वयं पर झूठी हिंसा एवं मारपीट कर मेरे पति एवं समर्थकों के खिलाफ शिकायत करने की योजना बनाई जा रही है।जिसमें उनका मुख्य उद्देश्य यह है कि राजेन्द्र लाल के साथ रहने वाले अपराधी किस्म के व्यक्तियों द्वारा किसी घटना को अंजाम देकर अपने प्रत्याशी को भारी नुकसान पहुंचाये जैसी घटना दिखाकर आम जनमानस में यह संदेश देने की कोशिश की जाएगी कि उन्हें मेरे पति एवं समर्थकों द्वारा नुकसान पहुंचा दिया गया है।ताकि उन्हें जनता की सहानुभूति मिल सके और अन्त समय में वे चुनाव को अपने पक्ष में करने में कामयाब हो जाएं।रेखा आर्य ने कहा कि कांंग्रेस प्रत्याशी एवं उनके कूटरचनाकार समर्थकों द्वारा इस घटना को चुनाव के अन्तिम दिनों में अंजाम दिए जाने की योजना बनाई गयी है।उन्होंने कहा कि इस घटना को गम्भीरता से लेना इसलिए आवश्यक हो गया है क्योंकि पूर्व में वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भी इनके द्वारा मेरे पति एवं समर्थकों को जनाड़ू रिसार्ट के पास घेरकर एक झूठी एफ०आई०आर० दर्ज कराई गयी थी जिसमें विवेचना के उपरान्त अन्तिम रिपोर्ट लगी और मेरे पति द्वारा भी एफ०आई०आर० दर्ज की गयी।जिसमें राजेन्द्र लाल एवं उनके समर्थकों के खिलाफ चार्ज सीट दाखिल हुई।उन्होंने कहा कि इससे साबित हो गया था कि इस घटना के जिम्मेदार राजेन्द्र लाल और उनके समर्थक थे।उन्होंने बताया कि उन्होंने इसकी सूचना वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा एवं पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड के साथ मुख्य निर्वाचन आयुक्त नई दिल्ली को भी प्रेषित कर दी है।उन्होंने कांंग्रेस प्रत्याशी राजेन्द्र लाल को चुनौती देते हुए कहा है कि यदि आपको सोमेश्वर की इस बेटी का सामना करना है तो राजनैतिक उच्च मूल्यों एवं आदर्शों के साथ मेरे सम्मुख लड़कर सोमेश्वर के विकास कार्यों पर वोट मांगें और जनता को अपनी कार्यशैली और मेरी कार्यशैली पर आत्ममंथन करने के लिए कहें तथा अपनी पूर्व की कार्यशैली को भी जनता के सम्मुख रखें।जिसमें जनता निर्णय कर लेगी।प्रैस वार्ता में भाजपा जिला मंत्री विनीत बिष्ट भी उपस्थित रहे।
