अल्मोड़ा-प्रशासन गाँव की ओर अभियान के तहत जन जन की सरकार,जन-जन के द्वार की भावना के अनुरूप जनपद की सभी न्याय पंचायतों में कार्यक्रमों का क्रमवार रूप से आयोजन आज से प्रारंभ हो गया है। इसी क्रम में आज जनपद के 11 विकासखंडों की 13 न्याय पंचायतों में शिविरों का आयोजन किया गया।मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा ने न्याय पंचायत सल्लाभाटकोट में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया,जहाँ राजकीय इंटर कॉलेज भल्यूटा में शिविर लगाया गया।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा विभिन्न विभागों के लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया गया तथा अधिकारियों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक प्रभावी रूप से पहुँचाने के निर्देश दिए गए।कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई तथा प्राप्त शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 6 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका समाधान किया गया।समाज कल्याण विभाग द्वारा पात्र लाभार्थियों को एक व्हीलचेयर एवं दो छड़ियाँ वितरित की गईं। इसके अतिरिक्त विभाग द्वारा दो वृद्धावस्था पेंशन तथा एक दिव्यांग पेंशन के नए आवेदन भी प्राप्त किए गए।स्वास्थ्य विभाग द्वारा 33 लोगों को चिकित्सीय परामर्श प्रदान करते हुए आवश्यक दवाइयाँ वितरित की गईं।आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग द्वारा 44 लोगों को परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया।डेरी विकास विभाग द्वारा 56 लोगों को पशुपालन से संबंधित परामर्श प्रदान किया गया तथा आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया।खाद्य विभाग द्वारा एक यूनिट का निरस्तीकरण किया गया तथा तीन नए यूनिट जोड़ने की कार्रवाई की गई। राजस्व विभाग द्वारा 15 भूमि प्रमाणपत्र निर्गत किए गए, साथ ही एक नाम संशोधन का कार्य भी संपादित किया गया।कार्यक्रम में डीएफओ प्रदीप कुमार धौलाखंडी,पुलिस उपाधीक्षक जीडी जोशी,खंड विकास अधिकारी ललित कुमार महावर , मंगल सिंह रावत सहित समस्त विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजनों ने शिविर का लाभ उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *